जयपुर को इंदौर की तर्ज पर स्वच्छ बनाने का लक्ष्य : सुनील कोठारी

0

100 दिन में 100 करोड़ के काम; 150 वार्डों में होगा बदलाव
जयपुर। गुलाबी नगरी जयपुर को साफ-सुथरा, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के लिए नगर निगम ने 100 दिवसीय विशेष कार्ययोजना लागू की है। महापौर सुनील कोठारी ने शुक्रवार को प्रेसवार्ता में कहा कि निगम का लक्ष्य जयपुर को स्वच्छता के मामले में इंदौर से भी आगे ले जाना है। इसके लिए अगले 100 दिनों में शहर के 150 वार्डों में करीब 100 करोड़ रुपए के विकास कार्य कराए जाएंगे।

महापौर ने नगर निगम की 100 दिवसीय कार्ययोजना की बुकलेट का विमोचन भी किया। इस दौरान उपमहापौर सरोज कंवर, निगम आयुक्त ओम कसेरा सहित निगम के अधिकारी मौजूद रहे। योजना में सफाई, कचरा प्रबंधन, सड़क एवं नाली रखरखाव, स्ट्रीट लाइट, सौंदर्यीकरण और हरित क्षेत्रों के विकास को प्रमुखता दी गई है।

हर वार्ड में 50 लाख रुपए के विकास कार्य

नगर निगम की योजना के तहत सभी 150 वार्डों में पार्षदों की अनुशंसा से विकास कार्य करवाने की तैयारी है। प्रत्येक वार्ड के लिए करीब 50 लाख रुपए के कार्य प्रस्तावित हैं। इस तरह वार्ड स्तर पर विकास कार्यों के लिए लगभग 75 करोड़ रुपए का प्रावधान बनता है, जबकि 100 करोड़ रुपए की समग्र कार्ययोजना में शहर की अन्य प्राथमिक परियोजनाएं भी शामिल हैं।

निगम का जोर ऐसे कामों पर रहेगा, जिनका सीधा असर आम नागरिकों की रोजमर्रा की सुविधाओं पर पड़े। सड़क मरम्मत, नालियों के रखरखाव, सफाई व्यवस्था और सार्वजनिक स्थानों के सुधार को प्राथमिकता दी जाएगी।

10 हजार नई एलईडी लाइटें लगाने की तैयारी

शहर की प्रकाश व्यवस्था सुधारने के लिए 10 हजार नई एलईडी लाइटें लगाने की योजना भी बनाई गई है। प्रमुख सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर प्रकाश व्यवस्था बेहतर करने के साथ खराब स्ट्रीट लाइटों के रखरखाव पर भी ध्यान दिया जाएगा।

निगम की योजना में पार्कों और हरित क्षेत्रों के विकास के साथ सार्वजनिक संपत्तियों के संरक्षण को भी शामिल किया गया है।

31 अक्टूबर को ‘ऑपरेशन क्लीन स्वीप 2.0’

स्वच्छता अभियान को गति देने के लिए 31 अक्टूबर को ‘ऑपरेशन क्लीन स्वीप 2.0’ आयोजित करने की योजना है। इसके तहत शहर के अलग-अलग हिस्सों में विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। वहीं दीपावली को देखते हुए सफाई व्यवस्था को मजबूत करने के लिए अतिरिक्त सफाई कर्मचारियों की तैनाती भी की जा रही है।

‘रंग दे गुलाबी 2.0’ से बदलेगी शहर की तस्वीर

शहर के सौंदर्यीकरण और स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के लिए 24 अक्टूबर को ‘रंग दे गुलाबी 2.0’ अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत 13 जोन के 150 वार्डों में प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता और शहर की सुंदरता से जुड़े पेंटिंग कार्य किए जाएंगे।

पांच चरणों में लागू होगी कार्ययोजना

नगर निगम की 100 दिवसीय योजना को चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा। निगम के अनुसार विभिन्न विकास और आधारभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों के लिए प्रक्रिया शुरू की जा रही है। अमृत 2.0 के तहत जोनवार सीवरेज कार्यों के लिए भी कार्यादेश जारी किए गए हैं।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी हाल ही में नगरीय निकायों के प्रमुखों से 100 दिन का रोडमैप तैयार कर शहरों को स्वच्छ, सुंदर और विकसित बनाने तथा दीपावली से पहले सड़क और सफाई जैसी मूलभूत व्यवस्थाओं से जुड़े कार्य पूरे करने पर जोर दिया था।