फोर्स मोटर्स ने शुरू की ग्राहकों के लिए वाहन स्क्रैपिंग में मदद की पहल

0

पुणे। पुराने और उपयोग की अवधि पूरी कर चुके वाहनों को व्यवस्थित तरीके से स्क्रैप कराने के लिए फोर्स मोटर्स लिमिटेड ने नई पहल शुरू की है। कंपनी ने रोसमेर्टा ऑटो रीसाइक्लिंग प्राइवेट लिमिटेड के साथ साझेदारी की है। इसके तहत दिल्ली-एनसीआर में फोर्स मोटर्स के पात्र ग्राहकों को अधिकृत वाहन स्क्रैपिंग सुविधा तक पहुंच उपलब्ध कराई जाएगी।

कंपनी के मुताबिक इस पहल का उद्देश्य वाहन मालिकों को पुराने वाहनों के निस्तारण के लिए अधिकृत और व्यवस्थित विकल्प उपलब्ध कराना है। इसके साथ ही स्क्रैप किए जाने वाले वाहनों से निकलने वाली उपयोगी धातुओं और अन्य पुनर्चक्रण योग्य सामग्री को दोबारा इस्तेमाल के लिए उपलब्ध कराया जाएगा।

अधिकृत केंद्र पर होगी पूरी प्रक्रिया

साझेदारी के तहत पात्र फोर्स मोटर्स वाहन मालिक रोसमेर्टा की Registered Vehicle Scrapping Facility (RVSF) में अपने पुराने वाहन को स्क्रैप करा सकेंगे। यहां वाहन से संबंधित जरूरी दस्तावेजी प्रक्रिया के साथ डी-पॉल्यूशन, डिस्मेंटलिंग और रिसाइक्लिंग योग्य सामग्री का पृथक्करण किया जाएगा।

स्क्रैपिंग के दौरान वाहन से निकलने वाले स्टील और एल्युमिनियम जैसी उपयोगी सामग्रियों को अलग कर रीसाइक्लिंग के लिए भेजा जाएगा। इससे पुराने वाहनों को अनियंत्रित तरीके से नष्ट किए जाने के बजाय एक संगठित प्रक्रिया के तहत संसाधनों की दोबारा उपयोगिता सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

ग्राहकों को मिलेगा स्क्रैपिंग का प्रमाण

अधिकृत प्रक्रिया पूरी होने पर पात्र मामलों में वाहन मालिकों को Certificate of Deposit (CoD) सहित संबंधित स्क्रैपिंग दस्तावेज उपलब्ध कराए जाएंगे। यह प्रमाण वाहन के अधिकृत तरीके से स्क्रैप किए जाने का रिकॉर्ड उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण है।

दिल्ली-एनसीआर से शुरुआत, दूसरे क्षेत्रों में विस्तार की तैयारी

फोर्स मोटर्स ने फिलहाल इस पहल की शुरुआत दिल्ली-एनसीआर से की है। कंपनी आगे देश के अन्य हिस्सों में भी इस तरह की साझेदारियों की संभावनाएं तलाशेगी, ताकि अधिक से अधिक ग्राहकों को अधिकृत वाहन स्क्रैपिंग की सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।

यह पहल फोर्स मोटर्स की उस प्रतिबद्धता से भी जुड़ी है, जिसके तहत कंपनी ने सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय (MoRTH) के साथ हुए समझौता ज्ञापन के माध्यम से दिल्ली-एनसीआर के Commercial Vehicle Replacement Scheme को समर्थन देने की दिशा में कदम उठाया है।

केंद्र सरकार की वाहन स्क्रैपिंग नीति के तहत पुराने और अधिक प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों को चरणबद्ध तरीके से हटाकर अपेक्षाकृत स्वच्छ और आधुनिक वाहनों को बढ़ावा देने पर जोर है। फोर्स मोटर्स की यह साझेदारी पुराने वाणिज्यिक वाहनों के व्यवस्थित निस्तारण और नए वाहनों की ओर संक्रमण को आसान बनाने की दिशा में एक और कदम मानी जा रही है।

फोर्स मोटर्स के प्रबंध निदेशक प्रशान फिरोदिया के अनुसार वाहन की जिम्मेदारी केवल उसके निर्माण और उपयोग तक सीमित नहीं है, बल्कि उसकी उपयोगी अवधि समाप्त होने के बाद उसका उचित निस्तारण भी महत्वपूर्ण है। कंपनी का लक्ष्य ग्राहकों के लिए अधिकृत स्क्रैपिंग विकल्प को आसान बनाना और वाहन से प्राप्त उपयोगी संसाधनों को दोबारा उत्पादन चक्र में लाने को प्रोत्साहित करना है। फोर्स मोटर्स और रोसमेर्टा की यह पहल फिलहाल दिल्ली-एनसीआर तक सीमित है, जबकि भविष्य में इसे देश के अन्य क्षेत्रों तक ले जाने की योजना है।