बैंक ग्राहकों को बड़ी राहत : आज से प्रस्तावित तीन दिन की हड़ताल टली, IBA-UFBU वार्ता में बनी सहमति

17

नई दिल्ली। देशभर के बैंक ग्राहकों के लिए राहत की खबर है। सोमवार, 28 सितंबर से शुरू होने वाली तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल फिलहाल टाल दी गई है। इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के बीच रविवार देर रात हुई बातचीत में प्रमुख मांगों पर आगे चर्चा का रास्ता निकलने के बाद यूनियनों ने 28, 29 और 30 सितंबर को प्रस्तावित हड़ताल स्थगित करने का फैसला किया। इसके चलते सोमवार को बैंक शाखाओं में सामान्य कामकाज जारी रहने का रास्ता साफ हो गया है।

UFBU और IBA के प्रतिनिधियों के बीच रविवार रात करीब 9.30 बजे महत्वपूर्ण बैठक हुई। लंबी चर्चा के बाद पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था सहित कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर आगे बढ़ने को लेकर सहमति बनी। इसके बाद UFBU ने प्रस्तावित तीन दिवसीय हड़ताल को टालने की घोषणा की।

सभी शनिवारों की छुट्टी पर बनेगी उच्चस्तरीय समिति

बैंक कर्मचारियों की प्रमुख मांग सप्ताह में पांच दिन काम और शेष शनिवारों को भी अवकाश घोषित करने की है। इस मुद्दे पर IBA और UFBU के प्रतिनिधियों की एक उच्चस्तरीय समिति गठित करने पर सहमति बनी है। समिति विभिन्न विकल्पों पर विचार करने के साथ संबंधित पक्षों से चर्चा करेगी। इसमें बैंक ग्राहकों की सुविधा को भी ध्यान में रखते हुए स्वीकार्य समाधान तलाशने की कोशिश की जाएगी।

इसके अलावा प्रदर्शन आधारित प्रोत्साहन यानी परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) से जुड़े मुद्दों पर भी आगे चर्चा होगी। यूनियनों की आपत्तियों और सुझावों के आधार पर आवश्यक संशोधनों पर विचार कर प्रस्ताव सरकार के समक्ष रखने की दिशा में काम किया जाएगा।

पुराने लंबित मुद्दों पर भी जारी रहेगी बातचीत

मार्च 2024 में हुए समझौते से जुड़े अन्य लंबित विषयों को लेकर भी IBA और UFBU के बीच वार्ता जारी रखने पर सहमति बनी है। यूनियनें लंबे समय से इन मुद्दों के जल्द समाधान की मांग कर रही हैं।

UFBU ने इससे पहले 28 से 30 सितंबर तक लगातार तीन दिन की देशव्यापी हड़ताल का आह्वान किया था। हड़ताल से ठीक पहले 26 सितंबर को चौथा शनिवार और 27 सितंबर को रविवार होने के कारण बैंकिंग सेवाओं पर लगातार पांच दिन तक असर पड़ने की आशंका बन गई थी।

संभावित परेशानी को देखते हुए सरकार ने 27 सितंबर रविवार को भी बैंक खोलने का निर्णय किया था, ताकि ग्राहक अपने जरूरी काम निपटा सकें। सरकार ने ग्राहकों को डिजिटल बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग, UPI और ATM जैसी सेवाओं का इस्तेमाल करने की सलाह भी दी थी।

अंतिम समय की बातचीत से टला बैंकिंग संकट

हड़ताल शुरू होने से कुछ घंटे पहले हुई IBA-UFBU बैठक निर्णायक साबित हुई। दोनों पक्षों के बीच बातचीत आगे बढ़ाने और प्रमुख मांगों पर विचार के लिए व्यवस्था बनाने पर सहमति के बाद यूनियनों ने हड़ताल स्थगित कर दी।

इस फैसले से महीने के आखिर में बैंकिंग कामकाज प्रभावित होने की आशंका फिलहाल समाप्त हो गई है। खासतौर पर सितंबर के अंतिम दिनों में खातों के अर्धवार्षिक समापन और ग्राहकों के नियमित बैंकिंग कार्यों को देखते हुए हड़ताल टलना महत्वपूर्ण माना जा रहा है।