75 वर्षीय बुजुर्ग से शादी से मुकरी यूट्यूबर रीना, पति के पास लौटी

1

औरैया। उत्तर प्रदेश के औरैया जिले के अरियारी गांव से सामने आई 75 वर्षीय रामसुगर और करीब 30 वर्षीय सोशल मीडिया क्रिएटर रीना राजपूत की कथित प्रेम कहानी ने अचानक नया मोड़ ले लिया है। कुछ दिन पहले दोनों की सगाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद चर्चा में आईं रीना अब अपने पति के पास लौट गई हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर रामसुगर से शादी करने से साफ इनकार किया है।

रीना के नए वीडियो में वह अपने पति के साथ दिखाई दे रही हैं। दोनों के गले में माला है। वीडियो में रीना कहती हैं कि उनके पति वापस घर आ गए हैं और अब वह अपने पति तथा बच्चों के साथ ही रहेंगी। उनका कहना है कि उनका अपने पति से तलाक नहीं हुआ था।

सगाई के वायरल वीडियो से शुरू हुआ था विवाद

इस मामले की शुरुआत अक्टूबर के मध्य में उस समय हुई थी, जब रामसुगर और रीना की सगाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वायरल वीडियो में दोनों एक-दूसरे को अंगूठी पहनाते दिखाई दिए थे। इसके बाद दावा किया गया कि दोनों जल्द शादी करने वाले हैं। उम्र में करीब 45 वर्ष के अंतर वाले इस कथित रिश्ते ने सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोरीं।

पहले से शादीशुदा होने की बात भी आई सामने

मामले में बाद में यह बात भी सामने आई कि रीना पहले से शादीशुदा हैं और उनके बच्चे हैं। इसी वजह से सगाई का वीडियो वायरल होने के बाद उनके पारिवारिक जीवन में विवाद की स्थिति पैदा हुई। NDTV की रिपोर्ट में भी रीना के पहले से शादीशुदा होने और दो बच्चों का जिक्र किया गया था। अब रीना के नए वीडियो ने पूरे घटनाक्रम को एक अलग दिशा दे दी है।

पति से तलाक नहीं हुआ था, रामसुगर से संबंध नहीं

रीना ने अपने वीडियो में कहा कि उनके पति उनके वीडियो देखने के बाद वापस घर आए। इसके बाद परिवार में इस मामले को लेकर विवाद हुआ। रीना के मुताबिक, उनके परिवार ने भी उनसे कहा कि वह किसी दूसरे व्यक्ति से शादी नहीं करेंगी। रीना का दावा है कि उनका अपने पति से तलाक नहीं हुआ था और अब पति के वापस आने के बाद उन्होंने उनके साथ ही रहने का फैसला किया है। उन्होंने यह भी कहा कि अब रामसुगर से उनका कोई संबंध नहीं है। रीना ने वीडियो में कथित तौर पर यह भी कहा कि वह रामसुगर की बेटी राधा की बातों में आ गई थीं। उनके अनुसार राधा के कहने पर ही उन्होंने उसके पिता के साथ सगाई का ड्रामा किया था।

अब पति और बच्चों के साथ रहने की बात

रीना के ताजा वीडियो के बाद 75 वर्षीय रामसुगर के साथ प्रस्तावित शादी की चर्चा फिलहाल खत्म होती दिखाई दे रही है। रीना ने स्पष्ट किया है कि वह अपने पति के साथ वापस आ गई हैं और आगे अपने पति तथा बच्चों के साथ ही रहेंगी। इस पूरे घटनाक्रम में सबसे ज्यादा चर्चा पहले सगाई के वीडियो और अब उसके पलटने को लेकर हो रही है। सोशल मीडिया पर वायरल हुई इस कहानी में लगातार बदलते दावों के कारण यह मामला अब प्रेम कहानी से ज्यादा सोशल मीडिया विवाद के रूप में चर्चा में है।