MDSU कुलगुरु प्रो. सुरेश कुमार अग्रवाल को ‘कुलपति शिक्षा भूषणम्’ सम्मान

0

अजमेर। महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय (एमडीएसयू) के कुलगुरु प्रो. सुरेश कुमार अग्रवाल को शिक्षा और उच्च शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए ‘कुलपति शिक्षा भूषणम्’ सम्मान से सम्मानित किया गया। तापड़िया एजुकेशन ट्रस्ट की ओर से आयोजित सम्मान समारोह में उन्हें प्रशस्ति पत्र सहित अन्य सम्मान सामग्री भेंट की गई।

समारोह प्रसिद्ध संत प्रखर महाराज के सान्निध्य में भारतीय परंपराओं और सांस्कृतिक मूल्यों के अनुरूप आयोजित किया गया। कार्यक्रम में देश के नौ प्रमुख विश्वविद्यालयों के कुलपतियों को शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए विभिन्न सम्मानों से सम्मानित किया गया।

प्रो. अग्रवाल को सम्मान स्वरूप प्रशस्ति पत्र, शॉल, नारियल, पुष्पगुच्छ तथा सालासर बालाजी की विशाल प्रतिमा भेंट की गई। कार्यक्रम में शिक्षाविदों, विद्वतजनों और विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य लोगों ने भाग लिया।

तापड़िया एजुकेशन ट्रस्ट के अध्यक्ष महावीर प्रसाद तापड़िया ने एमडीएसयू की शैक्षणिक गतिविधियों और अकादमिक विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने विश्वविद्यालय को राजस्थान के अग्रणी विश्वविद्यालयों में शामिल बताते हुए कहा कि प्रो. सुरेश कुमार अग्रवाल को सम्मानित करना स्वयं ट्रस्ट के लिए गौरव का विषय है।

सम्मान समारोह में प्रो. अग्रवाल के शैक्षणिक नेतृत्व तथा उच्च शिक्षा के विकास में उनकी भूमिका को रेखांकित किया गया। उनके नेतृत्व में विश्वविद्यालय में शिक्षा के साथ शोध, नवाचार और अकादमिक गतिविधियों को आगे बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है।