बीकानेर में कार नहर में गिरने से एक युवक की मौत, एक लापता

0

बीकानेर। राजस्थान के बीकानेर जिले में शुक्रवार रात पंचायत चुनाव प्रचार से लौट रहे पांच युवकों की कार इंदिरा गांधी मुख्य नहर में जा गिरी। हादसा छत्तरगढ़ थाना क्षेत्र में हुआ। दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक अभी लापता बताया जा रहा है। हादसे के बाद पुलिस और ग्रामीणों ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान चलाकर कार में सवार तीन युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

पुलिस के अनुसार थारूसर गांव के पांच युवक कार से इंदिरा गांधी नहर की आरडी 682 की ओर से नहर की पटरी वाले रास्ते से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान रात करीब 10 बजे आरडी 656 के पास अचानक कार का टायर फट गया। टायर फटने से चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी।

कार नहर में गिरते ही मची अफरा-तफरी

कार के नहर में गिरने की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। स्थानीय लोगों तथा पुलिसकर्मियों ने तत्काल बचाव कार्य शुरू किया। प्रयासों के बाद तीन युवकों को नहर से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हादसे में एक युवक की पानी में डूबने से मौत हो गई। वहीं एक अन्य युवक का अभी तक पता नहीं चल सका है। उसकी तलाश के लिए पुलिस और स्थानीय लोगों की ओर से अभियान चलाया जा रहा है।

लापता युवक की तलाश जारी

नहर में पानी का बहाव और रात का अंधेरा राहत एवं बचाव अभियान में चुनौती बना हुआ है। लापता युवक की तलाश के लिए नहर के आसपास के हिस्से में खोजबीन की जा रही है। पुलिस हादसे की परिस्थितियों की भी जांच कर रही है।प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक दुर्घटना की वजह कार का टायर फटना बताई जा रही है। हालांकि पुलिस की जांच के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी। हादसे की सूचना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने बचाव अभियान में पुलिस का सहयोग किया।