जयपुर। राजस्थान में गांवों की सरकार चुनने के लिए शनिवार को पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के प्रथम चरण में मतदान जारी है। प्रदेश के 16 जिलों की 104 पंचायत समितियों के अंतर्गत 3314 ग्राम पंचायतों में सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं। दोपहर एक बजे तक सरपंच चुनाव में 45 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। सुबह सात बजे शुरू हुई मतदान प्रक्रिया शाम छह बजे तक चलेगी।
अजमेर जिले में मतदान प्रतिशत अब तक
अजमेर ग्रामीण मतदान प्रतिशत – 51.11
केकड़ी मतदान प्रतिशत – 55.76
पीसांगन मतदान प्रतिशत – 60.08
सरवाड़ मतदान प्रतिशत – 61.58
सावर मतदान प्रतिशत – 58.82
श्रीनगर मतदान प्रतिशत – 63.37
औसत मतदान प्रतिशत – 60.07
राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार प्रथम चरण के चुनाव में मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासनिक और पुलिस टीमें तैनात हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में मतदाता अपने गांव का प्रतिनिधि चुनने के लिए मतदान केंद्रों पर पहुंच रहे हैं।
85 लाख से अधिक मतदाता करेंगे मतदान
प्रथम चरण में सरपंच पद की 3314 सीटों के लिए 16,795 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इसके साथ ही 28,682 वार्ड पंच पदों के लिए भी मतदान कराया जा रहा है। चुनाव में कुल 85,07,306 मतदाता पंजीकृत हैं। मतदान के लिए प्रदेशभर में 9886 केंद्र बनाए गए हैं। चुनाव वाले जिलों में अजमेर, अलवर, बाड़मेर, भीलवाड़ा, बीकानेर, डूंगरपुर, जयपुर, झालावाड़, जोधपुर, कोटा, नागौर, पाली, फलोदी, राजसमंद, सिरोही और उदयपुर शामिल हैं।
भीलवाड़ा में सबसे अधिक प्रत्याशी
सरपंच पद के लिए सबसे अधिक 2097 प्रत्याशी भीलवाड़ा जिले में चुनाव लड़ रहे हैं। डूंगरपुर में 1594, जयपुर में 1525 और उदयपुर में 1480 उम्मीदवार मैदान में हैं। बाड़मेर में सबसे अधिक 419 ग्राम पंचायतों में चुनाव हो रहे हैं, जबकि भीलवाड़ा में 326, फलोदी में 305 और उदयपुर में 284 ग्राम पंचायतों में मतदान कराया जा रहा है।
मतदान के बाद होगी मतगणना
सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए मतदान बैलेट पेपर के माध्यम से कराया जा रहा है। मतदान समाप्त होने के बाद संबंधित ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर मतगणना की जाएगी और परिणाम घोषित किए जाएंगे। पहले चरण में निर्वाचित ग्राम पंचायतों में उपसरपंच का चुनाव रविवार, 25 अक्टूबर को कराया जाएगा।राजस्थान में पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव चार चरणों में कराए जा रहे हैं। अगले चरणों में भी अलग-अलग जिलों की ग्राम पंचायतों में मतदान होगा।



