दक्षिण भारत में जैन पत्रकार सम्मेलन का आगाज, विजय नित्यानंद सूरीश्वर जी महाराज के दर्शन किए

22

बेंगलूरु। दक्षिण भारत के प्रमुख जैन तीर्थस्थलों पर आयोजित होने जा रहे जैन पत्रकार सम्मेलन की शुरुआत बेंगलूरु से हुई। अथाई मीडिया इंटरनेशनल और अखिल भारतीय जैन पत्र संपादक संघ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस सम्मेलन के तहत देश के विभिन्न शहरों से पहुंचे पत्रकार जैन तीर्थों के दर्शन करने के साथ धर्माचार्यों से संवाद करेंगे। सम्मेलन के कार्यक्रम 26 और 27 अक्टूबर को श्रवणबेलगोला तथा 28 और 29 अक्टूबर को तुमकुर में प्रस्तावित हैं।

कार्यक्रम के सिलसिले में रविवार को दस पत्रकारों का दल बेंगलूरु के लालबाग स्थित जैन भवन पहुंचा। यहां उनके ठहरने, जलपान और भोजन की व्यवस्था समाजसेवी एवं अथाई मीडिया इंटरनेशनल के कर्नाटक प्रभारी गौतम धारीवाल की ओर से की गई। इस दौरान पत्रकारों ने वहां विराजमान गच्छाधिपति श्री विजय नित्यानंद सूरीश्वर जी महाराज के दर्शन किए और उनसे साक्षात्कार कर धार्मिक एवं सामाजिक विषयों पर मार्गदर्शन प्राप्त किया।

जैन समाज में एकता का आह्वान

श्री विजय नित्यानंद सूरीश्वर जी महाराज ने जैन धर्मावलंबियों से आपसी मतभेद भुलाकर समाज की एकता को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने जैन समाज के व्यापक हितों को प्राथमिकता देते हुए परस्पर सहयोग और एकजुटता की भावना को आगे बढ़ाने पर जोर दिया।

इस अवसर पर अथाई मीडिया इंटरनेशनल के निदेशक एवं अखिल भारतीय जैन पत्र संपादक संघ के महामंत्री डॉ. अखिल बंसल ने उपस्थित पत्रकारों का परिचय कराया। गौतम धारीवाल ने सभी अतिथियों का शॉल, माला और पटका पहनाकर स्वागत किया।

कई प्रमुख जैन तीर्थों की करेंगे वंदना

बेंगलूरु में कार्यक्रम के बाद पत्रकारों का दल हुमचा, ज्वालामालिनी, कारकल, मूडबिद्री और धर्मस्थल सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों की यात्रा के लिए रवाना हुआ। इसके बाद श्रवणबेलगोला में पूज्य भट्टारक स्वस्तिश्री चारूकीर्ति जी तथा तुमकुर में आचार्य श्री प्रमुख सागर जी ससंघ का मंगल सान्निध्य प्राप्त करने का कार्यक्रम है।

डॉ. अखिल बंसल के अनुसार, पत्रकारों ने 21 और 22 अक्टूबर को मथुरा में आयोजित तीर्थक्षेत्र कमेटी के अधिवेशन में भाग लिया। इसके बाद 25 अक्टूबर को कनकगिरि और आसपास के तीर्थस्थलों की वंदना कर दक्षिण भारत के निर्धारित कार्यक्रमों में शामिल होने की योजना बनाई गई। सम्मेलन का उद्देश्य जैन पत्रकारों के बीच संवाद और संपर्क को मजबूत करने के साथ धार्मिक परंपराओं, तीर्थस्थलों और समाज से जुड़े विषयों को व्यापक स्तर पर सामने लाना है।

दो दशक से जैन पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय है संघ

अखिल भारतीय जैन पत्र संपादक संघ पिछले करीब 20 वर्षों से जैन समाज में पत्रकारिता के माध्यम से सक्रिय भूमिका निभा रहा है। संघ के अध्यक्ष जगदीश प्रसाद जैन के अनुसार, आचार्य श्री प्रमुख सागर जी के साथ संघ का जुड़ाव वर्ष 2018 से है। उनके सान्निध्य में संघ गोवा, मुंबई, पुष्पगिरि, इटावा, कोलकाता, गुवाहाटी और दीमापुर सहित विभिन्न स्थानों पर अधिवेशन आयोजित कर चुका है।

बेंगलूरु में जिन पत्रकारों को सम्मानित किया गया उनमें जगदीश प्रसाद जैन (आगरा), महामंत्री डॉ. अखिल बंसल (जयपुर), डॉ. शरद (नांदेड़), डॉ. राजीव प्रचण्डिया (अलीगढ़), डॉ. मीना जैन (उदयपुर), प्रवीण भाई भंडारी (पुणे), अखिलेश जैन (अजमेर), अजित जैन (पवई), योगेन्द्र जैन (दिल्ली) और डॉ. ऋषभ जैन (ललितपुर) शामिल रहे।