अजमेर। आनंद नगर स्थित शांतिपुरा जैन मंदिर में श्री दिगम्बर जैन महासमिति अजमेर संभाग तथा महिला एवं युवामहिला संभाग के संयुक्त तत्वावधान में आचार्य 108 विद्यासागर जी महाराज, आचार्य समयसागर जी महाराज और गणिनी आर्यिका 105 ज्ञानमती माताजी का अवतरण दिवस श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में भक्तामर पाठ, दीप प्रज्वलन, भजन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से जैन संतों के जीवन एवं संदेश को याद किया गया।
महासमिति की राष्ट्रीय कार्याध्यक्ष मधु पाटनी ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत ऋद्धि-सिद्धि मंत्रों के उच्चारण और भक्तामर पाठ से हुई। इसके बाद 48 दीप प्रज्वलित किए गए। आरती के पश्चात गंगवाल और अजमेरा परिवार की ओर से आचार्य श्री के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन किया गया।
भजनों और नृत्य प्रस्तुतियों ने मोहा मन
प्रसिद्ध जैन भजन गायक अंकित पाटनी ने आचार्य विद्यासागर जी महाराज के जीवन और आध्यात्मिक संदेशों पर आधारित भजनों की प्रस्तुति दी। वहीं, नन्ही बालिकाओं चहक और ख्याति ने आचार्य श्री के जीवन चरित्र पर आधारित भक्तिमय नृत्य प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं की सराहना प्राप्त की।
महासमिति की राष्ट्रीय प्रचार-प्रसार मंत्री सोनिका भैसा और युवामहिला संभाग की संस्थापक अर्चना गंगवाल ने बताया कि कार्यक्रम में पदाधिकारियों ने महासमिति का मंगलाचरण प्रस्तुत किया। कोषाध्यक्ष मंजु ठोलिया, आगरा गेट इकाई अध्यक्ष अंजु गोधा और अल्का लुहाड़िया ने नृत्य-नाटिका के माध्यम से आचार्य विद्यासागर जी महाराज के जन्म कल्याणक का मंचन किया।
समाजश्रेष्ठियों का सम्मान, भजनों से किया जीवन का स्मरण
महासमिति अध्यक्ष अतुल पाटनी और महामंत्री कमल गंगवाल ने समाजश्रेष्ठी प्रमोद सोनी, प्रतिभा सोनी तथा संरक्षक राकेश पालीवाल का माल्यार्पण कर सम्मान किया। इस दौरान प्रमोद सोनी ने आचार्य विद्यासागर जी महाराज के जन्म से लेकर उनकी अंतिम विदाई तक के जीवन सफर को भजनों के माध्यम से प्रस्तुत किया। इस प्रस्तुति ने उपस्थित श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
राष्ट्रीय कार्यकारिणी में मनोनयन पर जताई खुशी
कार्यक्रम के दौरान युवामहिला संभाग अध्यक्ष सोनिका भैसा और महिला संभाग अध्यक्ष मधु पाटनी को महासमिति की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में महत्वपूर्ण पदों पर मनोनीत किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त की गई। दोनों पदाधिकारियों का स्वागत कर उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दी गईं।
100 से अधिक सदस्य हुए शामिल
कार्यक्रम के आयोजन में आनंद नगर इकाई अध्यक्ष अंजु मनीष अजमेरा, कमल गंगवाल, रूबी जैन, राकेश पालीवाल और अतुल-मधु पाटनी का विशेष सहयोग रहा। इकाई मंत्री रीना दोषी ने बताया कि आयोजन में शिखा बिलाला, नवल छाबड़ा, प्रीति गदिया, रेनू पाटनी, श्वेता छाबड़ा और उर्मिला गंगवाल सहित 100 से अधिक सदस्य उपस्थित रहे।
समापन पर महामंत्री कमल गंगवाल और मंजु ठोलिया ने अतिथियों, सहयोगकर्ताओं तथा उपस्थित सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण और जयकारों से गूंजता रहा।



