उत्तर पश्चिम रेलवे अजमेर मंडल पर सतर्कता जागरूकता सप्ताह–2026 का शुभारंभ

0

अजमेर। उत्तर पश्चिम रेलवे के अजमेर मंडल में भ्रष्टाचार मुक्त कार्यसंस्कृति को बढ़ावा देने और सरकारी कामकाज में पारदर्शिता, जवाबदेही एवं नैतिक मूल्यों को मजबूत करने के उद्देश्य से सोमवार को सतर्कता जागरूकता सप्ताह–2026 की शुरुआत हुई। 26 अक्टूबर से 1 नवंबर तक आयोजित होने वाले इस सप्ताह की थीम ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ रखी गई है।

सप्ताह के पहले दिन मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में मंडल रेल प्रबंधक राजू भूतड़ा ने अधिकारियों और कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा, ईमानदारी तथा पारदर्शिता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की शपथ दिलाई। इस दौरान सभी ने अपने कार्यों में निष्पक्षता बनाए रखने, कानून एवं नियमों का पालन करने और भ्रष्टाचार के विरुद्ध सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक विकास बूरा, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी मेघा गोदारा देव सहित विभिन्न शाखाओं के अधिकारी एवं रेल कर्मचारी मौजूद रहे।

हस्ताक्षर अभियान के जरिए दिया ईमानदारी का संदेश

शपथ ग्रहण कार्यक्रम के बाद डीआरएम राजू भूतड़ा ने सतर्कता जागरूकता अभियान के तहत हस्ताक्षर अभियान का शुभारंभ किया। इसमें उन्होंने स्वयं हस्ताक्षर किए। अपर मंडल रेल प्रबंधक विकास बूरा सहित अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी भाग लेकर भ्रष्टाचार मुक्त एवं पारदर्शी कार्यप्रणाली के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।

एक सप्ताह तक होंगी जागरूकता गतिविधियां

अजमेर मंडल में 1 नवंबर तक सतर्कता जागरूकता से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनका उद्देश्य रेल संगठन में नैतिक आचरण को प्रोत्साहित करना, कर्मचारियों को उनके दायित्वों के प्रति जागरूक बनाना और कार्यप्रणाली में पारदर्शिता तथा जवाबदेही की भावना को मजबूत करना है।

रेलवे की कार्यसंस्कृति में सत्यनिष्ठा को महत्वपूर्ण बताते हुए इस अभियान के माध्यम से यह संदेश दिया जा रहा है कि ईमानदारी, निष्पक्षता और जिम्मेदारी के साथ किया गया कार्य न केवल संगठन की विश्वसनीयता बढ़ाता है, बल्कि जनविश्वास को मजबूत करने में भी अहम भूमिका निभाता है।