पुष्कर। सामाजिक सरोकारों और सेवा गतिविधियों के तहत लायंस क्लब अजमेर आस्था की ओर से पुष्कर स्थित अपना घर वृद्धाश्रम में भोजन सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। क्लब सदस्यों ने आश्रम में रह रहे 51 प्रभुजनों को शुद्ध एवं सात्विक भोजन, मिष्ठान सहित परोसा और उनकी कुशलक्षेम पूछकर आत्मीय संवाद किया।
यह सेवा कार्यक्रम बढ़ बावड़ी गणेश जी मंदिर के सामने स्थित अपना घर वृद्धाश्रम में आयोजित हुआ। इस दौरान क्लब सदस्यों ने वृद्धाश्रम में रहने वाले बुजुर्गों के साथ समय बिताया और भोजन परोसने के साथ उनकी आवश्यकताओं एवं हालचाल की जानकारी ली। सेवा के दौरान प्रभुजनों में भी उत्साह और प्रसन्नता का माहौल नजर आया।
क्लब सचिव लायन अनिल चोरड़िया ने बताया कि सेवा कार्यक्रम का संयोजन उनके द्वारा किया गया, जबकि क्लब के सेवाभावी सदस्य लायन अनिल श्रीश्रीमाल के सहयोग से भोजन सेवा संभव हो सकी। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य केवल भोजन उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि बुजुर्गों के साथ अपनत्व और सम्मान का भाव साझा करना भी रहा।
क्लब अध्यक्ष लायन कमल बाफना ने कहा कि समाज के जरूरतमंद और असहाय लोगों की सहायता करना सामाजिक जिम्मेदारी का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि सेवा के ऐसे प्रयास समाज में संवेदनशीलता और मानवीय मूल्यों को मजबूत करते हैं।
क्लब के जनसंपर्क अधिकारी लायन अतुल पाटनी ने बताया कि लायंस क्लब अजमेर आस्था की ओर से समय-समय पर जरूरतमंद एवं असहाय लोगों के लिए विभिन्न सेवा गतिविधियां संचालित की जाती हैं। क्लब का प्रयास है कि सेवा कार्यों के माध्यम से जरूरतमंदों को सहयोग के साथ सम्मान और अपनत्व का अनुभव भी कराया जाए।



