अजमेर। उत्तर पश्चिम रेलवे के अजमेर मंडल ने रेल पेंशनभोगियों की सुविधा के लिए नवंबर में डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र (डीएलसी 5.0) अभियान के तहत विशेष शिविर आयोजित करने की तैयारी की है। राष्ट्रव्यापी अभियान के अंतर्गत 1 से 30 नवंबर 2026 तक पेंशनभोगियों को जीवन प्रमाण पत्र जमा कराने में सहायता दी जाएगी। इसके लिए अजमेर सहित उदयपुर, भीलवाड़ा, आबूरोड और पाली क्षेत्र के विभिन्न बैंकों तथा रेलवे कार्यालयों में शिविर लगाए जाएंगे।
रेलवे के लेखा एवं कार्मिक विभाग की ओर से आयोजित इन शिविरों का उद्देश्य पेंशनभोगियों को डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र जमा कराने की प्रक्रिया में सुविधा देना है, ताकि उन्हें इस कार्य के लिए अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
किस तारीख को कहां लगेंगे शिविर?
अजमेर मंडल की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार शिविरों का आयोजन निम्न स्थानों पर किया जाएगा।
2 नवंबर: बैंक ऑफ बड़ौदा, डब्ल्यू.आर. ब्रांच, डीआरएम कार्यालय, अजमेर।
4 नवंबर: एसबीआई, स्पेशल ब्रांच, कलेक्ट्रेट, अजमेर।
5 नवंबर: एसबीआई, मुख्य शाखा, आबूरोड।
6 नवंबर: एसबीआई, मुख्य शाखा, सी-23, मधुबन, उदयपुर।
12 नवंबर: बैंक ऑफ बड़ौदा, स्टेशन कैंपस ब्रांच, अजमेर तथा स्टेशन अधीक्षक कार्यालय, भीलवाड़ा।
13 नवंबर: एसबीआई, मारवाड़ जंक्शन शाखा, पाली।
16 नवंबर: एसबीआई, मुख्य शाखा, रेलवे स्टेशन, भीलवाड़ा।
17 नवंबर: रेलवे अस्पताल, अजमेर में मेगा कैंप।
18 नवंबर: पंजाब नेशनल बैंक, सिनेमा रोड, अजमेर तथा एसबीआई, मुख्य शाखा, सोजत रोड।
19 नवंबर: स्टेशन अधीक्षक कार्यालय, उदयपुर।
20 नवंबर: एसबीआई, तहसील रोड, मावली तथा स्टेशन अधीक्षक कार्यालय, अजमेर।
23 नवंबर: यूनियन बैंक ऑफ इंडिया (यूबीआई), श्रीनगर रोड, अजमेर तथा डीआरएम कार्यालय, अजमेर।
25 नवंबर: एसबीआई, रानी (पाली) तथा एसबीआई, मुख्य शाखा, बस स्टैंड, आबूरोड।
26 नवंबर: स्टेशन अधीक्षक कार्यालय, आबूरोड।
शिविर में कौन से दस्तावेज लाने होंगे?
डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनवाने के लिए पेंशनभोगियों को अपने साथ निम्न दस्तावेज और जरूरी सामान रखना होगा:
पेंशन भुगतान आदेश (पीपीओ) नंबर
आधार कार्ड
बैंक खाते का विवरण
मोबाइल फोन
पेंशनभोगियों को सलाह दी गई है कि वे निर्धारित तारीख और स्थान के अनुसार शिविर में पहुंचें तथा आवश्यक दस्तावेज साथ लेकर आएं।
रेलवे अधिकारियों ने की अपील
अजमेर मंडल के वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक अशोक कुमार मीणा और वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी मेघा गोदारा देव ने रेल पेंशनभोगियों से अभियान का लाभ उठाने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि पेंशनभोगी समय पर अपना डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र जमा कराएं, जिससे पेंशन संबंधी औपचारिकताओं को पूरा करने में सुविधा रहे।
रेलवे मंडल की इस पहल से अजमेर मंडल के विभिन्न क्षेत्रों में रहने वाले रेल पेंशनभोगियों को अपने नजदीकी निर्धारित केंद्र पर डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र जमा कराने का अवसर मिलेगा।



