होंडा की पहली मेड-इन-इंडिया ग्लोबल इलेक्ट्रिक एसयूवी का नाम ‘होंडा अल्फा’, 2 दिसंबर को होगा ग्लोबल डेब्यू

0

नई दिल्ली। जापानी वाहन निर्माता कंपनी होंडा ने भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में इलेक्ट्रिक वाहनों के क्षेत्र में अपनी नई शुरुआत की तैयारी कर ली है। होंडा कार्स इंडिया लिमिटेड ने अपनी पहली मेड-इन-इंडिया इलेक्ट्रिक एसयूवी का आधिकारिक नाम ‘होंडा अल्फा’ घोषित किया है। कंपनी इस नई इलेक्ट्रिक एसयूवी को आगामी 2 दिसंबर 2026 को भारत में वैश्विक स्तर पर पेश करेगी। खास बात यह है कि भारत इस मॉडल को पेश करने वाला दुनिया का पहला बाजार होगा।

कंपनी के मुताबिक ‘अल्फा’ नाम ग्रीक वर्णमाला के पहले अक्षर से लिया गया है। यह नई शुरुआत और ग्राहकों के जीवन में नए अध्याय का प्रतीक है। होंडा की यह एसयूवी कंपनी की वैश्विक इलेक्ट्रिक वाहन रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा होगी। भविष्य में भारत को इस मॉडल के वैश्विक उत्पादन केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना है।

राजस्थान में होगा एसयूवी का निर्माण

इस परियोजना के लिहाज से राजस्थान के लिए भी यह महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, होंडा की नई इलेक्ट्रिक एसयूवी का उत्पादन राजस्थान के अलवर जिले के टपूकड़ा स्थित कंपनी के विनिर्माण संयंत्र में किया जाएगा। यहां तैयार होने वाली गाड़ियों की आपूर्ति भारतीय बाजार के साथ विदेशी बाजारों में भी की जाएगी। इस तरह भारत केवल इस इलेक्ट्रिक एसयूवी का पहला बाजार ही नहीं, बल्कि होंडा की वैश्विक उत्पादन रणनीति का अहम केंद्र भी बनेगा।

कॉन्सेप्ट मॉडल से तैयार हुई नई एसयूवी

होंडा ने पहली बार इस इलेक्ट्रिक एसयूवी के कॉन्सेप्ट मॉडल को अक्टूबर 2025 में जापान मोबिलिटी शो में प्रदर्शित किया था। उस समय इसे ‘होंडा 0 अल्फा’ नाम से पेश किया गया था। इसके बाद कंपनी ने भारतीय सड़कों और अलग-अलग भौगोलिक परिस्थितियों में वाहन का परीक्षण शुरू किया। अब कंपनी ने इसके प्रोडक्शन मॉडल के लिए ‘होंडा अल्फा’ नाम की आधिकारिक घोषणा की है।

कंपनी ने इसे आधुनिक तकनीक और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया है। इसका डिजाइन शहरी सड़कों से लेकर प्राकृतिक परिवेश तक के अनुरूप विकसित करने पर जोर दिया गया है।

नए लोगो के साथ आएगी पहली होंडा कार

होंडा अल्फा कंपनी की नई पहचान के साथ भी भारतीय बाजार में उतरेगी। यह भारत में होंडा की पहली ऐसी कार होगी जिस पर कंपनी का नया डिजाइन किया हुआ ‘एच’ लोगो दिखाई देगा। होंडा ने अपने ऑटोमोबाइल कारोबार के लिए वैश्विक स्तर पर इस नए लोगो को अपनाया है। कंपनी का कहना है कि यह बदलाव उसके तकनीकी विकास, नई सोच और भविष्य की चुनौतियों को स्वीकार करने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

बैटरी, रेंज और कीमत का खुलासा बाकी

होंडा ने फिलहाल अल्फा की बैटरी क्षमता, मोटर पावर, एक बार चार्ज करने पर मिलने वाली ड्राइविंग रेंज, चार्जिंग समय और कीमत की आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है। ऑटोमोबाइल क्षेत्र की कुछ रिपोर्टों में 65 से 75 किलोवाट-घंटे तक की एलएफपी बैटरी और सिंगल मोटर विकल्प मिलने की संभावना जताई गई है, हालांकि इनकी पुष्टि कंपनी ने नहीं की है।

इस इलेक्ट्रिक एसयूवी का मुकाबला भारतीय बाजार में हुंडई क्रेटा इलेक्ट्रिक, मारुति ई-विटारा, एमजी विंडसर ईवी और टाटा की आगामी इलेक्ट्रिक एसयूवी जैसी गाड़ियों से हो सकता है।

होंडा कार्स इंडिया के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी तोशियुकी यानागिसावा के अनुसार, भारत को इस मॉडल का वैश्विक उत्पादन केंद्र बनाना कंपनी की इलेक्ट्रिक वाहन यात्रा का महत्वपूर्ण कदम है। कंपनी भारतीय ग्राहकों को आधुनिक इलेक्ट्रिक मोबिलिटी के साथ होंडा की गुणवत्ता, विश्वसनीयता और ड्राइविंग अनुभव उपलब्ध कराना चाहती है। होंडा अल्फा की विस्तृत तकनीकी खूबियों और कीमत का खुलासा 2 दिसंबर को होने वाले वैश्विक अनावरण के दौरान होने की उम्मीद है।