झालावाड़ : पुराने सिक्के खरीदने के नाम पर 13 लाख की ठगी, बिहार से 6 आरोपी अरेस्ट

0

झालावाड़। पुराने और दुर्लभ सिक्कों को लाखों रुपए में खरीदने का लालच देकर साइबर ठगी करने और बाद में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से तैयार फर्जी फोटो-वीडियो तथा पुलिस के फर्जी नोटिस के जरिए ब्लैकमेल करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का झालावाड़ पुलिस ने पर्दाफाश किया है। गिरोह की लगातार धमकियों और आर्थिक शोषण से परेशान होकर 56 वर्षीय महिला ने आत्महत्या कर ली थी। मामले की जांच के बाद पुलिस ने बिहार में अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई कर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन नाबालिगों को भी निरुद्ध किया गया है।

पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के अनुसार, गिरोह सोशल मीडिया पर पुराने और दुर्लभ सिक्के तथा नोट लाखों रुपए में खरीदने के विज्ञापन प्रसारित करता था। इसी झांसे में झालावाड़ की महिला भी आ गई। आरोपियों ने ‘RJGYANI OLD COIN COMPANY’ के नाम से महिला से संपर्क किया और शुरुआत में छोटी-छोटी रकम लेकर उसका विश्वास जीता। इसके बाद अलग-अलग बहाने बनाकर लगातार धनराशि की मांग की जाने लगी। परिजनों के अनुसार, महिला से करीब 13 लाख रुपये की ठगी की गई।

AI से तैयार वीडियो और फर्जी पुलिस नोटिस से डराया

पुलिस जांच में सामने आया कि जब महिला ने और पैसे देने में असमर्थता जताई तथा अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। आरोपियों ने व्हाट्सऐप के जरिए AI से तैयार किए गए डरावने फोटो और वीडियो भेजे। इनमें पुलिसकर्मियों द्वारा एक युवक की पिटाई का फर्जी वीडियो, दुर्घटनाग्रस्त कार और घायल व्यक्ति की तस्वीरें शामिल थीं। अस्पताल के नाम से फर्जी बिल भेजकर इलाज के खर्च के बहाने भी पैसे मांगे गए।

महिला को डराने के लिए झालावाड़ पुलिस थाने की फर्जी तस्वीर भी तैयार की गई। इसके अलावा दिल्ली पुलिस के नाम से फर्जी लेटरहेड और नोटिस भेजा गया, जिसमें महिला का नाम, पता और फोटो लगाकर 5.50 लाख रुपये जब्त होने का दावा किया गया। गिरोह के सदस्यों ने महिला को उसके बेटे को गंभीर आपराधिक मामले में फंसाने और उसकी जान को खतरा होने की धमकियां भी दीं। पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी सहित कुछ अन्य सदस्यों ने वॉयस कॉल और वॉयस मैसेज के माध्यम से भी महिला को प्रताड़ित किया।

बेटी की शिकायत पर गठित हुई SIT

महिला की मौत के बाद उसकी बेटी की शिकायत पर एक नवंबर को झालावाड़ कोतवाली थाने में आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भागचंद के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) गठित किया गया। टीम ने महिला के मोबाइल फोन, कॉल रिकॉर्ड, बैंक खातों और यूपीआई लेन-देन का तकनीकी विश्लेषण किया। इसी वित्तीय और डिजिटल जांच से ठगी की रकम के लेन-देन तथा आरोपियों के नेटवर्क का पता चला।

बिहार के तीन जिलों में दबिश देकर गिरफ्तारी

जांच में गिरोह के तार बिहार के सहरसा, मधेपुरा और खगड़िया जिलों से जुड़े मिले। इसके बाद झालावाड़ पुलिस की टीमों ने करीब 1500 किलोमीटर दूर बिहार पहुंचकर स्थानीय पुलिस के सहयोग से छह नवंबर को अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दी। कार्रवाई में गिरोह के कथित सरगना अजीत यादव सहित छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। दो बालक और एक बालिका को भी निरुद्ध किया गया है।

गिरफ्तार आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर झालावाड़ लाकर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें तीन दिन के पुलिस रिमांड पर सौंपा गया। वहीं, तीनों नाबालिगों को बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों, बैंक खातों और ठगी की रकम के नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।