डूंगरपुर। राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने गुरुवार को डूंगरपुर जिले में कार्रवाई करते हुए प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र (पीएचसी) झौथरी के चिकित्सा अधिकारी डॉ. अमीत परमार को एक हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। मामला मारपीट की घटना से जुड़ी मेडिकल लीगल सर्टिफिकेट (एमएलसी) रिपोर्ट तैयार करने के एवज में रिश्वत मांगने का बताया जा रहा है।
एसीबी सूत्रों के अनुसार परिवादी ने ब्यूरो की डूंगरपुर इकाई में शिकायत दी थी कि मारपीट के एक मामले में पुलिस थाना चौरासी में एफआईआर दर्ज कराई गई थी। मामले के अनुसंधान के दौरान मेडिकल लीगल सर्टिफिकेट बनवाने के लिए पुलिस की ओर से दी गई तहरीर लेकर परिवादी पीएचसी झौथरी पहुंचा था।
आरोप है कि वहां चिकित्सा अधिकारी डॉ. अमीत परमार ने मेडिकल जांच के लिए कुछ परीक्षण लिखे और उन्हें डूंगरपुर से करवाने की बात कही। इसी प्रक्रिया के दौरान चिकित्सा अधिकारी द्वारा परिवादी से एक हजार रुपए की रिश्वत मांगे जाने की शिकायत एसीबी को दी गई।
शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले का सत्यापन कराया। शिकायत में रिश्वत मांगने की पुष्टि होने पर ब्यूरो की टीम ने ट्रैप की योजना बनाई। गुरुवार को निर्धारित कार्रवाई के दौरान जैसे ही चिकित्सा अधिकारी ने परिवादी से एक हजार रुपए की रिश्वत राशि ली, एसीबी टीम ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया।
गिरफ्तार चिकित्सा अधिकारी से एसीबी की ओर से पूछताछ की जा रही है। उसके विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे का अनुसंधान किया जाएगा। एसीबी की इस कार्रवाई से चिकित्सा विभाग में हड़कंप मच गया।



