झुंझुनूं में दो पिकअप की आमने-सामने भिड़ंत, दो की मौत, 11 घायल

0

झुंझुनूं। राजस्थान के झुंझुनूं जिले में गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 11 अन्य घायल हो गए। हादसा पचेरी कलां थाना क्षेत्र के भालोठ गांव के पास पचेरी-महेंद्रगढ़ मार्ग पर हुआ, जहां दो पिकअप वाहनों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों में सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार एक पिकअप में सवार लोग हरियाणा के महेंद्रगढ़ क्षेत्र के सेहलंग गांव से झुंझुनूं जिले के बुहाना क्षेत्र स्थित घसेड़ा गांव में जगदेव के घर आयोजित शोकसभा में शामिल होने जा रहे थे। वहीं दूसरी पिकअप में सवार लोग निहालोठ गांव से हरियाणा के दुलोठ गांव में अपने रिश्तेदार के यहां शोकसभा में शामिल होने के लिए निकले थे। इसी दौरान भालोठ गांव के पास दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई।

हादसे में हरियाणा के सेहलंग निवासी रामप्यारी पत्नी दुलीचंद और झुंझुनूं जिले के निहालोठ निवासी सुभाष यादव की मौत हो गई। दुर्घटना में 11 लोग घायल हुए हैं। घायलों में महिलाएं और पुरुष दोनों शामिल हैं। इनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।

ग्रामीणों ने संभाला मोर्चा, एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाए घायल

दुर्घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त वाहनों से घायलों को बाहर निकालने में मदद की। सूचना पर तीन एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं। घायलों को बुहाना और हरियाणा के महेंद्रगढ़ स्थित अस्पतालों में भर्ती कराया गया। कुछ घायलों को ग्रामीणों ने निजी वाहनों से भी अस्पताल पहुंचाया।

पुलिस और प्रशासन की टीम पहुंची मौके पर

हादसे की सूचना मिलने पर पचेरी कलां थाना पुलिस मौके पर पहुंची। हरियाणा के महेंद्रगढ़ क्षेत्र की पुलिस टीम ने भी राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू करवाया। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

घटना के बाद दोनों गांवों और मृतकों के परिवारों में शोक का माहौल है। एक ही हादसे में दो लोगों की जान जाने और कई लोगों के घायल होने से क्षेत्र में चिंता व्याप्त है।