शिक्षा संकुल में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया अन्नकूट महोत्सव

0

जयपुर। शिक्षा संकुल परिसर में शुक्रवार शाम विवेकानन्द मिलन समिति के तत्वावधान में अन्नकूट महोत्सव का आयोजन किया गया। धार्मिक उल्लास और पारंपरिक उत्साह के बीच आयोजित कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सहभागिता निभाई और सामूहिक रूप से प्रसादी ग्रहण की।

समारोह का शुभारंभ प्रदेश के शिक्षामंत्री मदन दिलावर ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने आयोजन में उपस्थित लोगों को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के विभिन्न वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

आयोजन में राज्य परियोजना निदेशक डॉ. रश्मि शर्मा, साक्षरता निदेशक महेंद्र कुमार खींची, शिक्षा मंत्री कार्यालय के विशेषाधिकारी जय नारायण मीणा एवं सतीश कुमार गुप्ता, अतिरिक्त राज्य परियोजना निदेशक अशोक मीणा सहित उपायुक्त सुमन देवी, निधि, वर्षा मीणा, सुनीता यादव और गौरव बांकेावत ने शिरकत की। सभी अतिथियों ने अन्नकूट महोत्सव में प्रसाद ग्रहण किया।

कार्यक्रम के दौरान शिक्षा संकुल परिसर में धार्मिक एवं उत्सवी वातावरण देखने को मिला। अन्नकूट महोत्सव के माध्यम से विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों को एक साथ जुड़ने तथा आपसी मेलजोल बढ़ाने का अवसर मिला।

विवेकानन्द मिलन समिति के बसंत कुमार जिंदल, ब्रजेश, हुकुम सिंह मीणा, मुकेश गुर्जर, धर्मवीर फौजदार, डिंपल सहित अन्य पदाधिकारियों ने आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों और अतिथियों का आभार व्यक्त किया।