अमित शाह की पुणे में फडणवीस और शिंदे के साथ बंद कमरे में बैठक, महाराष्ट्र की सियासत में चर्चाएं तेज

0

पुणे। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने सोमवार को पुणे के जेडब्ल्यू मैरियट होटल में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के साथ बंद कमरे में महत्वपूर्ण बैठक की। करीब 40 से 45 मिनट तक चली इस मुलाकात को महाराष्ट्र की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों और राज्य सरकार से जुड़े अहम मुद्दों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

अमित शाह दो दिवसीय पुणे दौरे पर हैं। रविवार को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने उनसे अलग से मुलाकात की थी। इसके बाद सोमवार सुबह उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे भी सेनापति बापट रोड स्थित जेडब्ल्यू मैरियट होटल पहुंचे और शीर्ष नेतृत्व की बैठक में शामिल हुए।

बैठक से पहले भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं मंत्री चंद्रकांत पाटिल, प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण और सांसद ओमराजे निंबालकर सहित कई नेताओं ने अमित शाह से मुलाकात की। महाराष्ट्र की राजनीति में चल रही गतिविधियों के बीच इन मुलाकातों ने राजनीतिक हलकों में चर्चाओं को तेज कर दिया।

सूखे और किसानों की सहायता पर हुई चर्चा

मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, बैठक में महाराष्ट्र के सूखे की स्थिति और प्रभावित किसानों को राहत देने के मुद्दे पर प्रमुखता से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री फडणवीस ने केंद्र सरकार से सूखा प्रभावित क्षेत्रों के लिए अधिकतम आर्थिक सहायता जल्द उपलब्ध कराने का आग्रह किया है। राज्य सरकार ने राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया कोष (NDRF) के तहत करीब 31 हजार करोड़ रुपए की सहायता मांगी है।

महाराष्ट्र के 358 में से 304 तालुकाओं में सूखे की स्थिति घोषित किए जाने और बड़े कृषि क्षेत्र में फसल नुकसान की जानकारी भी केंद्र के सामने रखी गई है। ऐसे में राज्य सरकार को केंद्र से राहत पैकेज मिलने की उम्मीद है।

राष्ट्रवादी कांग्रेस के विलय को लेकर भी अटकलें

बैठक के राजनीतिक पहलू को लेकर भी चर्चाएं हैं। महाराष्ट्र में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के शरद पवार और अजित पवार गुट के संभावित विलय को लेकर पिछले कुछ दिनों से राजनीतिक हलचल बनी हुई है। मीडिया रिपोर्टों में इस मुद्दे पर भी चर्चा होने की संभावना जताई गई है, हालांकि बैठक में इस विषय पर क्या बातचीत हुई, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

अजित पवार की प्रतिमा का अनावरण करने पहुंचे अमित शाह

पुणे दौरे के दौरान अमित शाह ने दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजित पवार की प्रतिमा का अनावरण भी किया। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, सुनेत्रा पवार और शरद पवार सहित कई प्रमुख नेता मौजूद रहे। इसके अलावा उन्होंने भारतीय जैन संघटना के कार्यक्रम में भी भाग लिया।

फिलहाल बंद कमरे में हुई बैठक का विस्तृत आधिकारिक एजेंडा सार्वजनिक नहीं किया गया है। लेकिन सूखे से प्रभावित किसानों को राहत, केंद्र से आर्थिक सहायता और महाराष्ट्र के बदलते राजनीतिक समीकरणों के बीच इस मुलाकात को अहम माना जा रहा है।