चित्तौड़गढ़। राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले में लूटपाट के लिए घर में घुसे बदमाशों ने एक बुजुर्ग महिला की हत्या कर दी और उसकी बड़ी बहन को चाकू की नोक पर धमकाकर जेवरात लूट लिए। वारदात राशमी थाना क्षेत्र के बावलास गांव में रविवार देर रात करीब 1:50 बजे हुई। चार से पांच बदमाशों ने घर में घुसकर दोनों बुजुर्ग बहनों को बंधक बनाया और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई।
पुलिस के अनुसार भगवानी बाई अहीर (60) अपनी बड़ी बहन लेहरी बाई (65) के साथ लंबे समय से बावलास गांव में रह रही थीं। रविवार रात दोनों अपने घर में थीं। इसी दौरान बदमाश मकान की छत पर लगी लोहे की टीनशेड तोड़कर रस्सी के सहारे घर में दाखिल हुए।
मुंह में कपड़ा ठूंसकर की हत्या
घर में घुसते ही बदमाशों ने दोनों महिलाओं को अपने कब्जे में ले लिया। भगवानी बाई को कमरे में ले जाकर उनके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया और उनके पहने हुए सोने के आभूषण लूट लिए। इस दौरान दम घुटने से उनकी मौत हो गई। बदमाशों ने उनकी बड़ी बहन लेहरी बाई को भी बंधक बनाकर रखा और उनके साथ मारपीट की।
लेहरी बाई को बदमाशों ने चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। एक बदमाश ने उनसे पूछा कि मरना है या जीना है? भयभीत महिला ने हाथ जोड़कर अपनी जान बचाने की गुहार लगाई और कहा कि उन्हें जीना है, जो कुछ चाहिए ले लो।
सोने के जेवर और चांदी के कड़े भी लूटे
बदमाशों ने दोनों बहनों के शरीर पर पहने सोने के आभूषण और पैरों में पहने चांदी के कड़े भी काटकर निकाल लिए। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। वारदात में घायल लेहरी बाई को उपचार के लिए राशमी अस्पताल पहुंचाया गया।
एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य, पुलिस ने शुरू की तलाश
घटना की सूचना मिलने पर राशमी थाना पुलिस और गंगरार पुलिस उपाधीक्षक उदय सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और एफएसएल टीम को बुलाकर साक्ष्य एकत्र करवाए। भगवानी बाई के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया गया। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में बदमाशों की तलाश कर रही है।
करीब 40 साल से गांव में रह रही थीं दोनों बहनें
जानकारी के अनुसार दोनों बहनें करीब 40 वर्षों से बावलास गांव में साथ रह रही थीं। बड़ी बहन लेहरी बाई की कोई संतान नहीं है, जबकि भगवानी बाई का बेटा शंकरलाल अहीर चित्तौड़गढ़ के जालमपुरा गांव में अपने पिता के साथ रहता है। वह पंजाब में आइसक्रीम का कारोबार करता है। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन गांव पहुंचे। मृतका के बेटे की ओर से पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।



