जयपुर जिला परिषद में कांग्रेस का बहुमत, 22 पंचायत समितियों में भी 216 सीटें जीतकर भाजपा को पछाड़ा

0

जयपुर। राजस्थान के पंचायतीराज आम चुनाव-2026 में राजधानी जयपुर जिले में कांग्रेस ने सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी को बड़ा राजनीतिक झटका दिया है। जिला परिषद के 57 सदस्यीय सदन में कांग्रेस ने 41 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल कर लिया है। वहीं भाजपा 12 सीटों पर सिमट गई, जबकि राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (रालोपा) को दो सीटें मिली हैं। पंचायत समिति चुनावों में भी कांग्रेस ने जिले की 22 पंचायत समितियों के 386 वार्डों में से घोषित 383 परिणामों में 216 सीटों पर जीत दर्ज कर अपना दबदबा कायम किया है।

पंचायतीराज आम चुनाव के तहत शुक्रवार को जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए हुई मतगणना के बाद जिले की ग्रामीण राजनीति की तस्वीर साफ हो गई। जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) संदेश नायक के अनुसार जिला परिषद के 57 वार्डों में से 55 के परिणाम घोषित किए गए। इनमें कांग्रेस को 41, भाजपा को 12 और रालोपा को दो सीटें मिलीं। इस तरह कांग्रेस ने जिला परिषद में बहुमत के लिए जरूरी 29 सीटों का आंकड़ा काफी पहले पार कर लिया।

पंचायत समितियों में कांग्रेस को 216 सीटें

जयपुर जिले की 22 पंचायत समितियों के कुल 386 वार्डों में से 383 के परिणाम सामने आए हैं। इनमें कांग्रेस ने 216 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि भाजपा को 87 सीटें मिलीं। रालोपा ने 60 सीटों पर कब्जा जमाया। निर्दलीय एवं अन्य प्रत्याशियों के खाते में 20 सीटें गईं। तीन वार्डों के परिणाम तकनीकी कारणों से लंबित रहे। चौमूं, दूदू और शाहपुरा के एक-एक वार्ड का परिणाम घोषित होना बाकी बताया गया।

14 पंचायत समितियों में कांग्रेस का बहुमत

पंचायत समिति स्तर पर भी कांग्रेस का प्रदर्शन भाजपा से बेहतर रहा। जिले की 22 पंचायत समितियों में कांग्रेस ने 14 में बहुमत हासिल किया। इनमें फागी, आमेर, शाहपुरा, चाकसू, जमवारामगढ़, तुंगा, बस्सी, माधोराजपुरा, कोटखावदा, गोविंदगढ़, झोटवाड़ा, जोबनेर, किशनगढ़ रेनवाल और आंधी शामिल हैं।

बस्सी पंचायत समिति में कांग्रेस ने 25 में से 18 सीटें, जमवारामगढ़ में 23 में से 18 और आंधी में 19 में से 17 सीटें जीतकर मजबूत प्रदर्शन किया। आमेर और गोविंदगढ़ में भी कांग्रेस को 12-12 सीटें मिलीं।

दूसरी ओर भाजपा चौमूं और सांभर झील पंचायत समितियों में बहुमत हासिल करने में सफल रही। राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी ने सांगानेर पंचायत समिति में बहुमत प्राप्त कर अपनी राजनीतिक ताकत दिखाई। सांगानेर में रालोपा ने आठ सीटें जीतीं।

मुख्यमंत्री और मंत्रियों के चुनावी क्षेत्रों में भी भाजपा को झटका

जयपुर के चुनाव परिणामों में राजनीतिक रूप से सबसे ज्यादा चर्चा मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के सांगानेर और कैबिनेट मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ के झोटवाड़ा क्षेत्र की रही। सांगानेर पंचायत समिति में रालोपा ने बहुमत हासिल किया, जबकि झोटवाड़ा में कांग्रेस ने 15 में से आठ सीटें जीतकर बढ़त बनाई। भाजपा को यहां केवल एक सीट मिली। इन नतीजों को भाजपा के लिए स्थानीय स्तर पर बड़ा झटका माना जा रहा है। वहीं कांग्रेस नेताओं ने इसे ग्रामीण मतदाताओं का सरकार के प्रति असंतोष बताते हुए अपनी जीत करार दिया है।

25 नवंबर को चुना जाएगा जिला प्रमुख

जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव परिणामों के बाद अब सबकी निगाहें जिला प्रमुख और पंचायत समिति प्रधानों के चुनाव पर टिक गई हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 25 नवंबर को जिला प्रमुख और उप जिला प्रमुख का चुनाव होगा। इसके बाद 27 नवंबर को पंचायत समितियों में प्रधान तथा 28 नवंबर को उप प्रधान चुने जाएंगे। जिला परिषद में स्पष्ट बहुमत मिलने से कांग्रेस का जिला प्रमुख बनना लगभग तय माना जा रहा है। पंचायत समितियों में भी पार्टी ने बड़ी संख्या में बहुमत हासिल कर जिले की ग्रामीण राजनीति में अपनी मजबूत स्थिति दर्ज कराई है।