घरों में संस्कृत संवाद से नई पीढ़ी जुड़ेगी भारतीय संस्कृति और ज्ञान परंपरा से : अमृता पृथ्वी

0

अजमेर। संस्कृत को केवल पाठ्यक्रम, पुस्तकों और परीक्षाओं तक सीमित रखने के बजाय घर-परिवार की बोलचाल और दैनिक व्यवहार का हिस्सा बनाया जाना चाहिए। परिवारों में छोटे-छोटे संस्कृत संवाद शुरू होंगे तो नई पीढ़ी अपनी सांस्कृतिक जड़ों और भारतीय ज्ञान परंपरा से सहज रूप से जुड़ सकेगी। यह जिम्मेदारी केवल संस्कृत भारती या संस्कृत के शिक्षकों-विद्यार्थियों की नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की है।

यह विचार संस्कृत भारती की अखिल भारतीय उपाध्यक्ष अमृता पृथ्वी ने अजमेर प्रवास के दौरान रामगंज स्थित विद्यालय में आयोजित संस्कृत भारती अजमेर विभाग की बैठक में व्यक्त किए। चेन्नई, तमिलनाडु से एक दिवसीय प्रवास पर अजमेर पहुंचीं पृथ्वी ने संस्कृत के व्यावहारिक प्रयोग को बढ़ावा देने पर जोर दिया।

संवाद और प्रशिक्षण से बढ़ेगा संस्कृत का प्रसार

बैठक में अजमेर विभाग के अंतर्गत आने वाले विभिन्न जनपदों में संस्कृत प्रचार-प्रसार की वर्तमान स्थिति और आगामी योजनाओं पर चर्चा हुई। कार्यकर्ताओं ने इस बात पर विचार किया कि संस्कृत को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए स्थानीय स्तर पर किस तरह प्रभावी प्रयास किए जा सकते हैं।

इसके लिए साप्ताहिक मिलन, संस्कृत संभाषण शिविर, जनपद गोष्ठियों और प्रशिक्षण वर्गों के आयोजन पर जोर दिया गया। इन गतिविधियों के माध्यम से कार्यकर्ताओं के साथ आम नागरिकों को भी जोड़ने तथा संस्कृत बोलने के लिए प्रोत्साहित करने की कार्ययोजना बनाई गई।

परिवार में संस्कृत के प्रयोग में मातृशक्ति की अहम भूमिका

महिला बैठक में अमृता पृथ्वी ने कहा कि परिवार संस्कारों की पहली पाठशाला है और माता बच्चे की प्रथम गुरु होती है। महिलाएं घर में प्रतिदिन कम से कम एक गतिविधि संस्कृत में करने का संकल्प लें। भोजन के समय छोटे-छोटे संस्कृत वाक्यों का प्रयोग अथवा दिनचर्या के किसी एक हिस्से को संस्कृतमय बनाकर इसकी शुरुआत की जा सकती है।

उन्होंने कहा कि स्थानीय और अन्य भाषाओं के साथ संस्कृत का प्रयोग भी परिवार के व्यवहार में सहज रूप से शामिल किया जा सकता है। इससे बच्चों में भाषा के प्रति रुचि विकसित होगी और भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं से उनका जुड़ाव मजबूत होगा।

भारतीय ज्ञान परंपरा और संगठन विस्तार पर मंथन

बैठक में भाषा संरक्षण, भारतीय ज्ञान परंपरा और संगठन के विस्तार जैसे विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया। वक्ताओं ने संस्कृत को जनसामान्य की बोलचाल से जोड़ने के लिए नियमित गतिविधियों और सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता बताई।

बैठक में संस्कृत भारती के राजस्थान क्षेत्र संगठन मंत्री कमल शर्मा, क्षेत्र पत्राचार द्वारा संस्कृत योजना प्रमुख परमानन्द शर्मा, चित्तौड़ प्रांत अध्यक्ष महेश शर्मा, प्रांत मंत्री मधुसूदन शर्मा, हिम्मत सिंह, गोपाल दत्त, महेंद्र मेघवंशी, रीना चौधरी, अनुराधा शर्मा, सीताराम शर्मा, वरुण सेन, शिवराज माली, देवराज कुमावत, अखिलेश जोशी, राकेश माली, शशिकांत शर्मा और प्रकाश कुम्हार सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।