सड़क हादसे में ब्रेनडेड हुए 19 वर्षीय मेडिकल छात्र ने अंगदान से चार लोगों को दिया नया जीवन

0

चेन्नई। तमिलनाडु में 19 वर्षीय एमबीबीएस छात्र देवन की मौत के बाद उसके परिवार ने अंगदान का निर्णय लेकर मानवता की अनूठी मिसाल पेश की है। सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने के बाद ब्रेन डेड घोषित किए गए देवन के अंगों से चार गंभीर मरीजों को नया जीवन मिला है, जबकि उसकी दान की गई दोनों कॉर्निया से दो अन्य लोगों की आंखों की रोशनी लौटाने में मदद मिलेगी। इस तरह एक परिवार के कठिन फैसले से छह लोगों को नई उम्मीद मिली है।

तिरुनेलवेली मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस प्रथम वर्ष का छात्र देवन तमिलनाडु के कुड्डालोर जिले के किलिरुप्पु गांव का निवासी था। वह 9 नवंबर को सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गया था। हादसे के बाद उसे उपचार के लिए पुडुचेरी स्थित जवाहरलाल इंस्टीट्यूट ऑफ पोस्टग्रेजुएट मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च (जिपमर) में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों की तमाम कोशिशों के बावजूद उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ और 14 नवंबर को उसे ब्रेन डेड घोषित कर दिया गया।

देवन के ब्रेन डेड घोषित होने के बाद चिकित्सकों ने परिजनों को अंगदान की संभावनाओं के बारे में जानकारी दी। गहरे सदमे के बावजूद उसके माता-पिता ने अंगदान के लिए सहमति दे दी। इसके बाद जिपमर की विशेषज्ञ चिकित्सा टीम ने अंग प्रत्यारोपण की प्रक्रिया पूरी की।

4 मरीजों को मिला जीवन, 2 को मिलेगी आंखों की रोशनी

जिपमर की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, देवन का हृदय, लिवर और दोनों किडनी जरूरतमंद मरीजों के प्रत्यारोपण के लिए दान किए गए। इन अंगों से चार मरीजों को जीवनदान मिला। इसके अलावा उसकी दोनों आंखों की कॉर्निया भी दान की गईं, जिनसे दो लोगों को दृष्टि मिलने की उम्मीद है।

डॉक्टर बनने का सपना अधूरा, लेकिन 6 परिवारों को दी नई उम्मीद

देवन खुद डॉक्टर बनकर समाज की सेवा करना चाहता था। एमबीबीएस की पढ़ाई के पहले ही वर्ष में उसका जीवन असमय समाप्त हो गया, लेकिन उसके परिवार के फैसले ने उसके सेवा भाव को एक अलग अर्थ दे दिया। जिस युवक का सपना मरीजों की जान बचाना था, उसके अंग अब दूसरे लोगों के जीवन को बचाने और संवारने में मददगार बनेंगे।

जिपमर प्रशासन ने इस कठिन समय में अंगदान का साहसिक निर्णय लेने के लिए देवन के परिजनों के प्रति आभार जताया। संस्थान ने अंगदान और प्रत्यारोपण की पूरी प्रक्रिया में शामिल चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ, तकनीकी विशेषज्ञों और अंगदान समन्वयकों के योगदान की भी सराहना की। देवन के पार्थिव शरीर को उसके पैतृक गांव ले जाया गया, जहां प्रशासनिक अधिकारियों और स्थानीय लोगों ने श्रद्धांजलि अर्पित की।