आदर्श नगर शिव मंदिर में धूमधाम से मनाया श्री श्याम बाबा का प्राकट्य उत्सव, भजनों पर झूमे श्रद्धालु

0

संजय परिहार और नेहा टेलर की भजन प्रस्तुतियों ने बांधा समां, 400 भक्तों ने ग्रहण की अन्नकूट प्रसादी
अजमेर। आदर्श नगर स्थित शिव मंदिर में विराजित श्री श्याम बाबा का प्राकट्य उत्सव शनिवार को कार्तिक शुक्ल पक्ष द्वादशी के अवसर पर श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। श्री श्याम परिवार आदर्श नगर की ओर से आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में बाबा का आकर्षक श्रृंगार किया गया। शाम को महाआरती के बाद सजी भजन संध्या में भजन गायकों ने ऐसी प्रस्तुतियां दीं कि पूरा मंदिर परिसर देर रात तक श्याम भक्ति के रंग में सराबोर रहा।

श्री श्याम परिवार के सचिव हेमंत मित्तल ने बताया कि उत्सव के तहत बाबा का भव्य एवं मनमोहक श्रृंगार किया गया। शाम 6:15 बजे विधिवत महाआरती हुई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर परिवार और समाज की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद भजन संध्या का शुभारंभ अजमेर के प्रसिद्ध भजन गायक संजय परिहार ने गणेश वंदना के साथ किया।

परिहार ने ‘तेरे भरोसे नैया डाल दई सागर में’, ‘एक अर्जी छोड़ी है तेरे दरवाजे पर’, ‘प्रकट्यो है बाबा श्याम’ और ‘कलयुग में अवतार लियो’ जैसे भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। इसके बाद सुप्रसिद्ध भजन गायिका नेहा टेलर ने अपनी प्रस्तुतियों से भक्तिमय माहौल को और उत्साहपूर्ण बना दिया। उन्होंने ‘केसरी के लाल’, ‘मेरी झोपड़ी के भाग आज खुल जाएंगे’, ‘मुझे ला दो भजन वाली माला’, ‘मेरा बंगला मेरी गाड़ी सब कुछ तेरा सांवलिया सेठ’ और ‘जन्मदिन मेरे श्याम का’ जैसे लोकप्रिय भजन सुनाए। भजनों की धुन पर श्याम भक्त झूमते और नृत्य करते नजर आए। उत्सव के दौरान मोहित गर्ग एवं पीयूष गुप्ता की ओर से भव्य आतिशबाजी भी की गई। इससे आयोजन में उत्सव का उल्लास और बढ़ गया।

400 श्रद्धालुओं ने ग्रहण की अन्नकूट प्रसादी

श्री श्याम परिवार के अध्यक्ष सुनील दत्त शर्मा ने बताया कि भजन संध्या में करीब 400 श्रद्धालुओं ने भाग लिया। कार्यक्रम के समापन पर सभी भक्तों को अन्नकूट प्रसादी वितरित की गई। परिवार के उपाध्यक्ष नरेश तोमर ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी श्रद्धालुओं, भजन प्रेमियों और सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर शिव मंदिर आदर्श नगर के उपाध्यक्ष शलभ अग्रवाल, सचिव सुनील गोयल, सह सचिव लाल नाथानी, देवेंद्र सिंघल, डॉ. अनिल भटनागर, डॉ. मनीष गोयल, शिव कुमार सिंघल सहित अनेक गणमान्य श्रद्धालु उपस्थित रहे।