नीमराणा में तेज रफ्तार ट्रोले ने महिला और दो मासूम बच्चों को कुचला, तीनों की मौत

0

दिल्ली-जयपुर हाईवे पर सड़क पार करते समय हुआ हादसा, पति की शिकायत करने थाने आई थी महिला
अलवर। राजस्थान के अलवर जिले में दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-8 पर सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में महिला और उसके दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। नीमराणा थाना क्षेत्र में सड़क पार करते समय तेज रफ्तार ट्रोले ने तीनों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला और दोनों बच्चों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुघेड़ा गांव निवासी कविता देवी (25) अपने बच्चों कार्तिक और भीम के साथ सोमवार सुबह नीमराणा आई थी। बताया जा रहा है कि वह अपने पति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने के लिए पुलिस थाने पहुंची थी। थाने से लौटने के दौरान जब वह दोनों बच्चों के साथ दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पार कर रही थी, तभी तेज गति से आ रहे एक ट्रोले ने तीनों को टक्कर मार दी।

हादसे में कविता देवी और उसके दोनों बच्चे गंभीर रूप से कुचल गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोग घटनास्थल पर पहुंचे, लेकिन तब तक तीनों की मौत हो चुकी थी।

पुलिस ने शुरू की दुर्घटना की जांच

घटना की सूचना मिलने पर नीमराणा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के लिए अस्पताल भिजवाया। हादसे के बाद दुर्घटना के कारणों और ट्रोले की भूमिका की जांच की जा रही है। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की सड़क हादसे में मौत से दुघेड़ा गांव में शोक की लहर फैल गई। मां के साथ घर से निकले दोनों मासूम बच्चों की भी जान चली जाने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।