चित्तौड़गढ़। चित्तौड़गढ़ पंचायत समिति में प्रधान पद के चुनाव से पहले राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) और भाजपा के बीच सियासी टकराव तेज हो गया है। आरएलपी की एकमात्र विजेता पंचायत समिति सदस्य शंकरी भील के भाजपा को समर्थन देने के फैसले के विरोध में सोमवार को पार्टी कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट चौराहे पर धरना देकर निर्दलीय विधायक चंद्रभान सिंह आक्या पर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित करने और पार्टी की विजेता सदस्य को कथित रूप से जबरन अपने साथ ले जाने के आरोप लगाए।
इस पूरे घटनाक्रम ने जिले की राजनीति में नया विवाद खड़ा कर दिया है। आरएलपी जिला प्रभारी बद्रीलाल जाट के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने शंकरी भील को वापस पार्टी के पास लाने की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि निर्वाचित जनप्रतिनिधि को कथित दबाव में लेकर राजनीतिक समर्थन हासिल करने की कोशिश लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। जिला प्रभारी ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा।
एक सदस्य के समर्थन से बदल गया प्रधान पद का गणित
दरअसल, चित्तौड़गढ़ पंचायत समिति की कुल 29 सीटों के चुनाव परिणाम में भाजपा और कांग्रेस को 14-14 सीटें मिली हैं, जबकि आरएलपी की शंकरी भील ने वार्ड संख्या 24 से जीत दर्ज की है। दोनों प्रमुख दलों के बराबर सीटें होने के कारण शंकरी भील की भूमिका निर्णायक हो गई। प्रधान पद के लिए 15 सदस्यों का समर्थन जरूरी है। ऐसे में उनके भाजपा को समर्थन देने की घोषणा से भाजपा का पलड़ा भारी हो गया है।
गंगापुर की फैक्ट्री के सीसीटीवी फुटेज से शुरू हुआ विवाद
विवाद उस समय गहराया जब भीलवाड़ा जिले के गंगापुर स्थित एक फैक्ट्री के सीसीटीवी फुटेज सामने आए। इनमें चित्तौड़गढ़ विधायक चंद्रभान सिंह आक्या शंकरी भील, उनके पति रतनलाल और अन्य लोगों के साथ बातचीत करते दिखाई दिए। फुटेज सामने आने के बाद आरएलपी जिला प्रभारी बद्रीलाल जाट ने आरोप लगाया कि विधायक और उनके समर्थक शंकरी भील को अपने साथ ले गए। उन्होंने दावा किया कि भाजपा के पक्ष में समर्थन हासिल करने के लिए उन्हें उपप्रधान पद का आश्वासन भी दिया गया था।
शंकरी भील ने वीडियो जारी कर आरोपों को नकारा
दूसरी ओर, शंकरी भील ने वीडियो जारी कर स्पष्ट किया कि उन्होंने भाजपा को समर्थन देने का निर्णय अपनी मर्जी से लिया है। उनका कहना है कि उन्होंने अपने क्षेत्र में विकास कार्य कराने के उद्देश्य से यह फैसला किया है और उन पर किसी प्रकार का दबाव नहीं बनाया गया। उनके पति रतनलाल ने भी अलग वीडियो जारी कर जबरदस्ती और अपहरण के आरोपों को निराधार बताया तथा स्वयं को सुरक्षित बताया। विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने भी अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि वायरल वीडियो के माध्यम से उन्हें बदनाम करने की कोशिश की जा रही है।
हनुमान बेनीवाल की चेतावनी से गरमाई राजनीति
इस मामले में आरएलपी सुप्रीमो और नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने भी कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने भाजपा को चेतावनी देते हुए कहा कि उनका एक सदस्य ले गए हैं, यदि वह जबरन घुस गए तो पांच सदस्यों को लेकर आ सकते हैं। उनके इस बयान के बाद चित्तौड़गढ़ का राजनीतिक विवाद और तेज हो गया है।
फिलहाल चित्तौड़गढ़ पंचायत समिति में प्रधान पद का चुनाव राजनीतिक प्रतिष्ठा का सवाल बन गया है। एक ओर भाजपा शंकरी भील के समर्थन से बहुमत की स्थिति में पहुंचती दिखाई दे रही है, वहीं आरएलपी ने अपने सदस्य को वापस लाने की मांग को लेकर आंदोलन का रास्ता अपनाया है। अब सबकी निगाहें प्रधान पद के चुनाव और इस राजनीतिक विवाद के आगे के घटनाक्रम पर टिकी हैं।



