दिलजीत दोसांझ के बेंगलूरु कॉन्सर्ट पर बम धमकी, अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज

0

बेंगलूरु। पंजाबी गायक एवं अभिनेता दिलजीत दोसांझ के बेंगलूरु में प्रस्तावित संगीत कार्यक्रम को बम विस्फोट की धमकी मिलने के बाद पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। धमकी भरे ई-मेल में 29 नवंबर को होने वाले कॉन्सर्ट के दौरान इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) से विस्फोट करने की चेतावनी दी गई है। ई-मेल में कार्यक्रम स्थल के साथ मदावरा मेट्रो स्टेशन को भी निशाना बनाने की बात कही गई है। दिलजीत दोसांझ का यह कार्यक्रम उनके ‘ऑरा इंडिया टूर 2026’ का हिस्सा है, जो 29 नवंबर को मदावरा स्थित NICE ग्राउंड्स में आयोजित होना प्रस्तावित है।

पुलिस के अनुसार, धमकी भरा ई-मेल 9 नवंबर को हुबली-धारवाड़ नगर निगम आयुक्त के आधिकारिक ई-मेल पते पर भेजा गया था। इसमें कॉन्सर्ट के दौरान आईईडी विस्फोट की आशंका जताते हुए लोगों को कार्यक्रम में बच्चों को नहीं लाने और उस दिन मेट्रो से यात्रा नहीं करने की चेतावनी दी गई थी। ई-मेल में लावारिस पड़े आईफोन उठाने को लेकर भी सावधान किया गया था। संदेश के अंत में ‘खालिस्तान जिंदाबाद’ का नारा लिखा गया था।

साइबर क्राइम पुलिस ने दर्ज किया मामला

मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने कार्यक्रम के आयोजकों से संपर्क कर आयोजन की पुष्टि की। इसके बाद बेंगलूरु के नॉर्थ डिवीजन साइबर क्राइम पुलिस थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66 तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 351(4) और 353(1)(b) के तहत मामला दर्ज किया है। जांच एजेंसियां धमकी भरा ई-मेल भेजने वाले व्यक्ति की पहचान करने के लिए ई-मेल अकाउंट के आईपी एड्रेस और उसके स्रोत का पता लगाने में जुटी हैं।

मेट्रो स्टेशन को भी निशाना बनाने की चेतावनी

धमकी भरे संदेश में केवल कॉन्सर्ट स्थल ही नहीं, बल्कि मदावरा मेट्रो स्टेशन पर भी विस्फोट की चेतावनी दी गई थी। इस कारण पुलिस आयोजन स्थल और आसपास के सुरक्षा इंतजामों को लेकर सतर्क है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और ई-मेल की वास्तविकता तथा इसके पीछे शामिल लोगों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

दिलजीत दोसांझ का बेंगलूरु कार्यक्रम उनके देशव्यापी संगीत दौरे का हिस्सा है। इससे पहले भी उनके कुछ कार्यक्रमों को धमकियां मिलने की खबरें सामने आ चुकी हैं। फिलहाल बेंगलूरु कॉन्सर्ट के कार्यक्रम में बदलाव की कोई आधिकारिक घोषणा सामने नहीं आई है।