बेंगलूरु। कर्नाटक की राजधानी बेंगलूरु के पॉश इलाके इंदिरानगर में दिनदहाड़े लूट की कोशिश का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। 100 फीट रोड स्थित जूते और बैग मरम्मत की दुकान में घुसे एक व्यक्ति ने महिला कर्मचारी को चाकू की नोक पर बंधक बना लिया। आरोपी ने महिला के हाथों पर फेविक्विक लगाकर उन्हें चिपकाने की कोशिश की और करीब 35 ग्राम वजन का सोने का मंगलसूत्र छीन लिया। महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के दुकानदारों और राहगीरों ने साहस दिखाते हुए आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
घटना 31 अक्टूबर को सुबह करीब 11:45 बजे की है। मामला मंगलवार को सामने आया, जब वारदात का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। पुलिस ने आरोपी की पहचान 40 वर्षीय प्रभुराज उर्फ राज के रूप में की है। उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
हेलमेट और दस्ताने पहनकर दुकान में घुसा आरोपी
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, डोमलुर निवासी 23 वर्षीय जयश्री एस पिछले करीब तीन वर्षों से इंदिरानगर की एक जूते और बैग मरम्मत की दुकान में रिसेप्शनिस्ट के रूप में काम कर रही हैं। घटना के समय वह दुकान में अकेली थीं। हेलमेट और दस्ताने पहने एक व्यक्ति अचानक दुकान में दाखिल हुआ और रिसेप्शन काउंटर फांदकर अंदर पहुंच गया।
आरोपी ने पहले जयश्री से कहा कि कोई उसका पीछा कर रहा है और उसे मारने आ रहा है। उसने महिला को शोर नहीं मचाने की धमकी दी। जब जयश्री ने दुकान मालिक को फोन करने की कोशिश की तो आरोपी ने उन्हें जबरन बैठा दिया, मुंह दबाया और चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी।
हाथों पर लगाया फेविक्विक, मुंह में ठूंस दिया कपड़ा
शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने महिला के गले और हाथों पर चाकू से वार किए। इसके बाद उसने फेविक्विक लगाकर उनके दोनों हाथों को आपस में चिपकाने की कोशिश की, ताकि वह विरोध न कर सकें। महिला की आवाज बाहर न जाए, इसके लिए आरोपी ने मेज पर रखा कपड़ा उनके मुंह में ठूंस दिया। इसके बाद उसने जयश्री के गले से करीब 35 ग्राम वजन का सोने का मंगलसूत्र खींच लिया। इसकी कीमत लगभग 4.5 लाख रुपए बताई गई है।
महिला ने दिखाई हिम्मत, भीड़ को देखकर आरोपी ने बनाया बंधक
लूट के बाद आरोपी दुकान से निकलने लगा तो जयश्री ने किसी तरह अपने हाथ छुड़ाए और मदद के लिए शोर मचाते हुए बाहर की ओर दौड़ीं। आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार और राहगीर मौके पर पहुंच गए। खुद को घिरता देख आरोपी ने महिला के बाल पकड़कर उन्हें फिर दुकान के भीतर खींच लिया और गर्दन पर चाकू रखकर लोगों को दूर रहने की धमकी दी।
इसी दौरान दुकान मालिक और अन्य लोग भी वहां पहुंच गए। आरोपी ने चाकू लहराकर उन्हें डराने की कोशिश की और दुकान मालिक पर भी हमला किया। इसके बाद वह महिला को अपने साथ लेकर भीड़ के बीच से भागने की कोशिश करने लगा। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में आरोपी महिला को चाकू की नोक पर पकड़े हुए दिखाई दे रहा है।
स्थानीय लोगों और ट्रैफिक पुलिस ने दबोचा
आरोपी को भागते देख आसपास के दुकानदारों, राहगीरों और ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने उसका पीछा किया। लोगों की मदद से उसे कुछ दूरी पर पकड़ लिया गया और बाद में इंदिरानगर थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की। उसके कब्जे से लूटा गया मंगलसूत्र बरामद होने की जानकारी भी मीडिया रिपोर्टों में दी गई है।
पूर्वी बेंगलूरु के पुलिस उपायुक्त विक्रम अमाथे के अनुसार, महिला सुरक्षित है। हालांकि, पुलिस शिकायत में संघर्ष के दौरान गर्दन और हाथों पर मामूली चोटों का उल्लेख है। आरोपी के पारिवारिक और आपराधिक पृष्ठभूमि की जांच की जा रही है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(6) के तहत मामला दर्ज किया है। पूछताछ के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।



