हनुमानगढ़ में कांग्रेस की रेणु जांगू बनीं जिला प्रमुख, भाजपा प्रत्याशी को 23 मतों से हराया

0

रेणु को मिले 30 वोट, सरस्वती गोदारा को सिर्फ 7 मत; कांग्रेस को अपने 26 सदस्यों के अलावा माकपा के समर्थन से मिले अतिरिक्त वोट
हनुमानगढ़। राजस्थान में पंचायतीराज चुनाव-2026 के तहत जिला प्रमुख पद के निर्वाचन में हनुमानगढ़ जिला परिषद पर कांग्रेस ने अपना कब्जा जमा लिया है।

बुधवार को हुए चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी रेणु जांगू ने भाजपा की सरस्वती गोदारा को 23 मतों के बड़े अंतर से पराजित किया। रेणु जांगू को कुल 30 मत मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में केवल 7 मत पड़े। इस जीत के साथ रेणु जांगू हनुमानगढ़ जिला परिषद की सातवीं जिला प्रमुख बन गई हैं। जिला परिषद के कुल 37 सदस्यों ने मतदान में हिस्सा लिया। चुनाव परिणाम घोषित होते ही कांग्रेस खेमे में खुशी की लहर दौड़ गई। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जीत का जश्न मनाया।

बहुमत से 4 अधिक वोट मिलने से बढ़ी राजनीतिक चर्चा

हनुमानगढ़ जिला परिषद के 37 वार्डों में हुए चुनाव में कांग्रेस ने 26 सीटों पर जीत दर्ज कर स्पष्ट बहुमत हासिल किया था। भाजपा को सात और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) को चार सीटें मिली थीं।

जिला प्रमुख चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी रेणु जांगू को 30 मत मिले। यानी पार्टी को अपने निर्धारित संख्या बल से चार अतिरिक्त वोट प्राप्त हुए। राजनीतिक चर्चाओं में इन अतिरिक्त मतों को माकपा सदस्यों के समर्थन से जोड़कर देखा जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। दूसरी ओर भाजपा प्रत्याशी सरस्वती गोदारा को पार्टी के सभी सात सदस्यों के मत मिले।

प्रत्याशी के नाम पर कांग्रेस में चली लंबी कवायद

जिला परिषद में स्पष्ट बहुमत होने के बावजूद कांग्रेस को जिला प्रमुख पद के लिए प्रत्याशी का नाम तय करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। पार्टी के भीतर कई नामों पर चर्चा हुई। प्रदेश स्तर से पर्यवेक्षकों ने स्थानीय विधायकों, पार्टी पदाधिकारियों और जिला परिषद सदस्यों से बातचीत कर रायशुमारी की।

कांग्रेस के जिला परिषद सदस्यों को मतदान से पहले एकजुट रखने के लिए बाड़ेबंदी भी की गई थी। पार्टी के सदस्य बीकानेर में ठहराए गए और बुधवार को मतदान के लिए एक साथ हनुमानगढ़ पहुंचे। आखिरकार प्रदेश नेतृत्व ने रेणु जांगू के नाम पर मुहर लगाई।

सातवीं जिला प्रमुख बनीं रेणु जांगू

हनुमानगढ़ जिला परिषद के गठन के बाद रेणु जांगू सातवीं जिला प्रमुख बनी हैं। इससे पहले डूंगरराम पंवार, दमयंती बेनीवाल, राजेंद्र मक्कासर, शोभा सिंह डूडी, कृष्ण कुमार चोटिया और कविता मेघवाल इस पद की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।

रेणु जांगू के सामने अब जिला परिषद के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने, पंचायतों की समस्याओं के समाधान और सरकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने की चुनौती होगी। जिला प्रमुख चुनाव के परिणाम ने हनुमानगढ़ की राजनीति में कांग्रेस की मजबूत स्थिति को फिर सामने ला दिया है।