24 सदस्यों ने किया मतदान, भाजपा प्रत्याशी को मिले 13 और कांग्रेस उम्मीदवार को 11 वोट
खैरथल-तिजारा। राजस्थान में पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव के तहत खैरथल-तिजारा जिला परिषद के जिला प्रमुख पद पर भारतीय जनता पार्टी ने जीत दर्ज की है। बुधवार को हुए चुनाव में भाजपा प्रत्याशी इन्द्रजीत यादव जिला प्रमुख निर्वाचित घोषित किए गए। उन्होंने कांग्रेस की अमिता चौधरी को दो मतों के अंतर से पराजित किया।
जिला परिषद के कुल 25 निर्वाचित सदस्यों में से 24 ने मतदान प्रक्रिया में हिस्सा लिया। मतगणना में इन्द्रजीत यादव को 13 वोट मिले, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी अमिता चौधरी के पक्ष में 11 मत पड़े। इस तरह भाजपा उम्मीदवार ने आवश्यक बहुमत हासिल कर जिला प्रमुख का पद अपने नाम किया।
नए जिले के पहले जिला प्रमुख बने यादव
निर्वाचन प्रक्रिया जिला कलक्ट्रेट सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं रिटर्निंग अधिकारी की देखरेख में कराई गई। जिला प्रमुख का पद अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के लिए आरक्षित था। इस पद के लिए भाजपा के इन्द्रजीत यादव और कांग्रेस की अमिता चौधरी के बीच सीधा मुकाबला हुआ।
चुनाव से पहले जिला परिषद में भाजपा और कांग्रेस के पास बराबर-बराबर 10 सदस्य थे। ऐसे में बहुमत के लिए जरूरी 13 मत जुटाने में निर्दलीय और बसपा सदस्यों की भूमिका अहम मानी जा रही थी। परिणाम में भाजपा प्रत्याशी को 13 मत मिले और उन्होंने जिला परिषद की कमान हासिल कर ली।
इस जीत के साथ इन्द्रजीत यादव खैरथल-तिजारा जिले के पहले जिला प्रमुख बने हैं। नए जिले में ग्रामीण विकास, आधारभूत सुविधाओं और जिला परिषद के कार्यों को गति देना उनके कार्यकाल की प्रमुख चुनौतियों में रहेगा।



