2027 के चुनाव से पहले हर वर्ग को साधने की रणनीति
लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच समाजवादी पार्टी ने अपना चुनावी एजेंडा सामने रख दिया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को लखनऊ के सेंट्रम होटल में आयोजित कार्यक्रम में पार्टी का पहला चुनावी घोषणापत्र जारी किया। इसे ‘सत्ताइस का संकल्प : पीडीए का प्रणपत्र’ और ‘जन-मन मेनिफेस्टो 2027’ नाम दिया गया है।
संविधान दिवस के अवसर पर जारी इस घोषणापत्र में युवाओं, किसानों, महिलाओं, सरकारी कर्मचारियों, पिछड़े वर्गों, दलितों, अल्पसंख्यकों और गरीब परिवारों को केंद्र में रखा गया है। पार्टी ने इसे केवल चुनावी वादों का दस्तावेज नहीं, बल्कि सामाजिक और आर्थिक बदलाव का रोडमैप बताया है। अखिलेश यादव ने कहा कि पार्टी का लक्ष्य न्यू इंडिया नहीं, बल्कि ‘नियो इंडिया’ बनाने का है।
पांच साल में 25 लाख सरकारी नौकरियों का वादा
सपा ने युवाओं को अपने चुनावी एजेंडे में सबसे प्रमुख स्थान दिया है। पार्टी ने पांच साल में 25 लाख सरकारी नौकरियां देने और निजी व अन्य क्षेत्रों में दो से तीन करोड़ रोजगार के अवसर पैदा करने का वादा किया है।
घोषणापत्र में बेरोजगार स्नातकों को नौकरी या रोजगार मिलने तक हर महीने 5,000 रुपये आर्थिक सहायता देने की बात कही गई है। सरकारी भर्तियों में देरी रोकने के लिए वार्षिक भर्ती कैलेंडर जारी करने का प्रस्ताव भी शामिल है।
पार्टी के अनुसार, एक चरण वाली परीक्षा की भर्ती प्रक्रिया तीन महीने और बहुस्तरीय परीक्षा वाली भर्ती छह महीने में पूरी की जाएगी। पेपर लीक होने की स्थिति में संबंधित अधिकारियों और मंत्रियों की जवाबदेही तय करने की बात भी कही गई है।
किसानों की कर्जमाफी और एमएसपी की कानूनी गारंटी
किसानों के लिए सपा ने तत्काल प्रभाव से कृषि ऋण माफ करने का वादा किया है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश की 23 फसलों और दूध के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी देने की बात कही गई है।
गन्ना किसानों के भुगतान के लिए 15 हजार करोड़ रुपये का विशेष कोष बनाने का प्रस्ताव है, जिससे किसानों को 24 घंटे के भीतर भुगतान सुनिश्चित किया जा सके। गन्ने का मूल्य खेती की वास्तविक लागत के आधार पर हर साल बढ़ाने का भी वादा किया गया है।
पार्टी ने कृषि सिंचाई के लिए मुफ्त बिजली और ग्रामीण घरेलू उपभोक्ताओं को 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने की घोषणा की है। ग्रामीण आधारभूत ढांचे के विकास के लिए 1.5 लाख करोड़ रुपये खर्च करने का प्रस्ताव भी घोषणापत्र में शामिल है।
गरीबों को 10 लाख का स्वास्थ्य बीमा
स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर सपा ने गरीबी रेखा से नीचे रहने वाले परिवारों के लिए 10 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा उपलब्ध कराने का वादा किया है। पार्टी ने सरकारी अस्पतालों में गरीबों और पीडीए वर्ग के लोगों को मुफ्त उपचार देने की बात कही है। इसके साथ जिला अस्पतालों को आधुनिक बनाने और प्रदेश के 18 मंडलों में सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल विकसित करने का प्रस्ताव रखा गया है।
पुरानी पेंशन और कर्मचारियों के लिए सामाजिक सुरक्षा
सरकारी कर्मचारियों के लिए सपा ने पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) को फिर से लागू करने का वादा किया है। इसके तहत 2005 के बाद नियुक्त कर्मचारियों और शिक्षकों को पुरानी पेंशन व्यवस्था का लाभ देने की बात कही गई है।
पार्टी ने आउटसोर्सिंग व्यवस्था समाप्त करने और आशा कार्यकर्ताओं, आंगनबाड़ी कर्मियों, सहायिकाओं, नर्सिंग स्टाफ, संविदाकर्मियों तथा चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के लिए सम्मानजनक वेतन और सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करने का भी प्रस्ताव रखा है।
26 हजार प्राथमिक स्कूल फिर खोलने का वादा
शिक्षा के क्षेत्र में सपा ने बड़ा ऐलान करते हुए बंद किए गए 26 हजार प्राथमिक विद्यालयों को दोबारा शुरू करने की बात कही है। कक्षा 12 पास करने वाले विद्यार्थियों के लिए मुफ्त लैपटॉप वितरण योजना फिर शुरू करने का वादा भी किया गया है।
इसके अतिरिक्त सरकारी स्कूलों में वाई-फाई सुविधा उपलब्ध कराने और शिक्षा पर राज्य के सकल घरेलू उत्पाद का छह प्रतिशत खर्च करने का प्रस्ताव है। शिक्षा व्यवस्था में रिक्त पदों को एक वर्ष के भीतर भरने की बात भी घोषणापत्र में कही गई है।
महिलाओं के लिए आर्थिक सहायता और सुरक्षा
महिलाओं को लेकर सपा के चुनावी एजेंडे में आर्थिक आत्मनिर्भरता और सुरक्षा पर जोर दिया गया है। पार्टी ने पात्र महिलाओं के लिए सालाना 40 हजार रुपये की आर्थिक सहायता और स्वरोजगार शुरू करने की इच्छुक महिलाओं को दो लाख रुपये की सहायता देने का प्रस्ताव रखा है। महिलाओं की सुरक्षा के लिए प्रभावी व्यवस्था बनाने और महिलाओं तथा बच्चों के खिलाफ गंभीर अपराधों पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने की बात भी कही गई है।
5 रुपए में भोजन और यश भारती सम्मान की वापसी
घोषणापत्र में गरीबों और जरूरतमंदों के लिए समाजवादी कैंटीन शुरू करने का प्रस्ताव है, जहां पांच रुपए में भोजन की थाली उपलब्ध कराने की बात कही गई है। इसके अलावा प्रदेश में प्रतिष्ठित यश भारती सम्मान को दोबारा शुरू करने और सम्मान राशि बढ़ाकर एक लाख रुपए करने का प्रस्ताव रखा गया है। विद्यार्थियों के लिए मेट्रो में मुफ्त यात्रा सहित अन्य सुविधाओं का भी उल्लेख किया गया है।
जातीय जनगणना और पीडीए को प्रतिनिधित्व
सपा ने अपने पीडीए राजनीतिक फार्मूले को घोषणापत्र का केंद्रीय आधार बनाया है। इसमें पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक समुदायों को सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक रूप से अधिक प्रतिनिधित्व देने की बात कही गई है। पार्टी ने सरकार बनने के तीन महीने के भीतर प्रदेश में जातीय जनगणना कराने का प्रस्ताव भी रखा है। इसके जरिए आबादी के अनुपात में प्रतिनिधित्व और आरक्षण के लाभ सुनिश्चित करने की बात कही गई है।
एक नहीं, कई चरणों में आएगा घोषणापत्र
सपा की रणनीति इस बार केवल एक राज्यस्तरीय घोषणापत्र तक सीमित नहीं है। पार्टी ने राज्य के मुद्दों के साथ जिलावार समस्याओं को भी चुनावी एजेंडे में शामिल करने की योजना बनाई है। इसके तहत सभी 75 जिलों के लिए अलग घोषणापत्र और राजधानी लखनऊ के लिए विशेष घोषणापत्र लाने की तैयारी है।
चुनाव से पहले वादों की परीक्षा भी होगी
सपा का यह घोषणापत्र 2027 के विधानसभा चुनाव से काफी पहले जारी किया गया है। इसके जरिए पार्टी ने रोजगार, किसान, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तीकरण और सामाजिक न्याय जैसे मुद्दों को चुनावी बहस के केंद्र में रखने की कोशिश की है।
हालांकि, इन घोषणाओं को लागू करने के लिए आवश्यक वित्तीय संसाधन, बजटीय प्रावधान और प्रशासनिक व्यवस्था कैसे तैयार होगी, यह भी महत्वपूर्ण सवाल रहेगा। फिलहाल अखिलेश यादव ने अपने पीडीए प्रणपत्र के जरिए प्रदेश के अलग-अलग सामाजिक और आर्थिक वर्गों तक राजनीतिक संदेश पहुंचाने की पहल कर दी है। अब यह देखना होगा कि आने वाले दिनों में भाजपा और अन्य राजनीतिक दल इन घोषणाओं पर किस तरह प्रतिक्रिया देते हैं।



