नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिला आरक्षण को लेकर सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा है कि संसद और विधानसभाओं में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के रास्ते में आने वाली हर बाधा को दूर करने के लिए सरकार प्रयासरत है। उन्होंने इस दिशा में चल रही पहल को लंबे समय से जारी संघर्ष का महत्वपूर्ण पड़ाव बताया।
शनिवार को सोशल मीडिया पर जारी वीडियो संदेश में प्रधानमंत्री ने कहा कि महिलाओं को राजनीतिक निर्णय प्रक्रिया में अधिक भागीदारी दिलाने की मांग दशकों से उठती रही है। इस दिशा में अनेक लोगों ने लगातार प्रयास किए हैं और वह स्वयं भी वर्षों से महिला भागीदारी बढ़ाने के पक्ष में काम करते रहे हैं।
मोदी ने कहा कि महिलाओं ने समय-समय पर उनसे मुलाकात कर राजनीतिक प्रतिनिधित्व बढ़ाने तथा महिला आरक्षण को प्रभावी बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया है। महिलाओं की आकांक्षाओं और उनके अधिकारों से जुड़े इस विषय को आगे बढ़ाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
संसद में सोमवार को परिसीमन और महिला आरक्षण से संबंधित विधेयक पेश किए जाने की तैयारी के बीच प्रधानमंत्री का यह संदेश राजनीतिक और संसदीय दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। महिला आरक्षण के माध्यम से विधायी संस्थाओं में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने और उन्हें नीति निर्धारण में अधिक अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में चर्चा तेज होने की संभावना है।
प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में महिला भागीदारी के मुद्दे को केवल राजनीतिक प्रतिनिधित्व तक सीमित नहीं रखते हुए इसे महिलाओं को निर्णय प्रक्रिया में समान अवसर देने के व्यापक प्रयास से जोड़ने का संकेत दिया।



