पीएम मोदी और सीएम धामी ने जताया दुख
पौड़ी। उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में शनिवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में सात महिलाओं समेत आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। रिखणीखाल-सतपुली मोटर मार्ग पर कलवाड़ी गांव के समीप यात्रियों से भरी एक ईको वैन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में वाहन चालक की भी जान चली गई। दुर्घटना के बाद क्षेत्र में चीख-पुकार मच गई और आसपास के गांवों में शोक छा गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा रिखणीखाल विकासखंड के भंगलवाड़ गांव के लोगों के साथ हुआ। गांव की महिलाएं स्वयं सहायता समूह की बैठक और अन्य जरूरी काम से सिद्धखाल गई थीं। वहां से वापस लौटते समय उनकी ईको वैन कलवाड़ी गांव के पास अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी।
स्थानीय लोगों और एसडीआरएफ ने चलाया बचाव अभियान
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन, राजस्व विभाग और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं। स्थानीय ग्रामीणों ने भी बचाव अभियान में सहयोग किया। काफी मशक्कत के बाद खाई में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। घायलों को एंबुलेंस से रिखणीखाल के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। इनमें एक महिला ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश भेजने की व्यवस्था की गई।
सात महिलाओं और चालक की गई जान
हादसे में जान गंवाने वालों में भंगलवाड़ गांव की स्वयं सहायता समूह से जुड़ी सात महिलाएं और ईको वैन का चालक शामिल हैं। एक ही गांव और समूह से जुड़ी महिलाओं की मौत से कई परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। गांव में मातम पसरा हुआ है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जताया शोक
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए जिला प्रशासन को राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और गंभीर रूप से घायल लोगों को एयरलिफ्ट कर उच्च चिकित्सा केंद्रों तक पहुंचाने को कहा।
प्रधानमंत्री मोदी ने की आर्थिक सहायता की घोषणा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी पौड़ी सड़क हादसे में हुई जनहानि पर दुख जताया है। उन्होंने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिजन को दो लाख रुपए और घायलों को 50-50 हजार रुपए की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। एक साथ आठ लोगों की मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। हादसे ने कई परिवारों को अपूरणीय क्षति पहुंचाई है। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।



