नई दिल्ली। भारत के पूर्व मुख्य न्यायाधीश जस्टिस जगदीश सिंह खेहर ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की सौ वर्षों की यात्रा और उसके मूल उद्देश्यों के प्रति प्रतिबद्धता की सराहना की है। उन्होंने कहा कि सामाजिक और राजनीतिक परिस्थितियों में बदलाव के बावजूद संघ अपने स्थापना के आदर्शों पर कायम रहा है। उन्होंने विशेष रूप से देश के संकटपूर्ण दौर में स्वयंसेवकों की सेवा और राहत कार्यों का उल्लेख करते हुए 1984 के सिख विरोधी दंगों तथा कोरोना महामारी के दौरान उनके योगदान को रेखांकित किया।
जस्टिस खेहर रविवार को दिल्ली के रोहिणी सेक्टर-23 स्थित समरसता स्थल पर आरएसएस के दिल्ली प्रांत की ओर से आयोजित ‘राष्ट्र वंदनम्’ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में संघ प्रमुख डॉ. मोहन भागवत सहित कई प्रमुख हस्तियां मौजूद थीं।
15-20 युवाओं से शुरू हुआ संगठन, सौ साल की यात्रा
खेहर ने कहा कि नवंबर 1925 में 15 से 20 युवाओं के साथ शुरू हुआ आरएसएस आज संभवतः दुनिया का सबसे बड़ा संगठन बन चुका है। उनके अनुसार, संगठन ने एक सदी के दौरान अनेक सामाजिक और राजनीतिक बदलाव देखे, लेकिन चरित्र निर्माण, अनुशासन और समाज को संगठित करने के अपने मूल उद्देश्यों के प्रति प्रतिबद्धता बनाए रखी।
उन्होंने संघ को सांस्कृतिक, सामाजिक और राष्ट्रवादी संगठन बताते हुए कहा कि उसकी सौ वर्षों की यात्रा उल्लेखनीय रही है। उन्होंने संगठन को स्थापना के समय चुने गए उद्देश्य पर अडिग रहने के लिए बधाई भी दी।
विभाजन के दौरान राहत और सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने का उल्लेख
पूर्व सीजेआई ने 1947 में देश के विभाजन के समय पंजाब में पैदा हुए हालात का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उस दौर में हिंसा और असुरक्षा के बीच स्वयंसेवकों ने हिंदू और सिख परिवारों की सहायता, राहत कार्यों तथा उन्हें सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने में भूमिका निभाई थी। उन्होंने इसे संकट के समय सामाजिक संगठनों की सेवा भावना का उदाहरण बताया।
1984 के दंगों में सिख परिवारों की सुरक्षा का किया जिक्र
खेहर के संबोधन का महत्वपूर्ण हिस्सा 1984 के सिख विरोधी दंगों से जुड़ा रहा। उन्होंने कहा कि संघ के आधिकारिक प्रकाशनों में दर्ज विवरणों के अनुसार, उस समय स्वयंसेवकों ने सिख परिवारों को सुरक्षा देने और संवेदनशील इलाकों में निगरानी रखने का काम किया था। उन्होंने लेखक और इतिहासकार खुशवंत सिंह के संदर्भ का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने भी उस दौर में सिखों की जान बचाने और सांप्रदायिक सद्भाव बनाए रखने में संघ के योगदान को स्वीकार किया था।
प्राकृतिक आपदाओं और कोरोना काल की सेवा को सराहा
जस्टिस खेहर ने असम में 1950, लातूर में 1993 और गुजरात के भुज में 2001 के भूकंप सहित विभिन्न प्राकृतिक आपदाओं के दौरान स्वयंसेवकों के राहत एवं पुनर्वास कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के कठिन समय में भी स्वयंसेवकों ने जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए व्यापक स्तर पर काम किया। उन्होंने कहा कि संकट के समय आम लोगों की परेशानियां कम करने और उनकी मदद के लिए आगे आने वाले स्वयंसेवकों का योगदान सराहनीय है।
शताब्दी समारोह को बताया उपलब्धियों और भविष्य की दिशा का अवसर
खेहर ने कहा कि किसी संगठन के सौ वर्ष पूरे होने का उत्सव मनाने का सार्थक तरीका उसकी अब तक की उपलब्धियों को सामने रखना और भविष्य की दिशा स्पष्ट करना है। उन्होंने आरएसएस के विदेशों में चलाए गए संपर्क कार्यक्रमों का भी उल्लेख किया और संगठन के आगामी प्रयासों के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में संघ प्रमुख डॉ. मोहन भागवत ने भी संबोधन दिया। ‘राष्ट्र वंदनम्’ को संघ की शताब्दी वर्ष की गतिविधियों के समापन और आगे की सामाजिक भूमिका को रेखांकित करने वाले आयोजन के रूप में प्रस्तुत किया गया।
यह भी पढें
‘राष्ट्र वंदनम्’ में राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और संगठन शक्ति का भव्य प्रदर्शन
‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना के साथ भारत को विश्व में शीर्ष पर देखना चाहता है युवा : मोहन भागवत


