भाजपा कार्यकर्ताओं का समर्पण, जिलाध्यक्ष के लिए खून प्रदेशअध्यक्ष के लिए सेब!

28
आबूरोड में मदन राठौड़ के जन्मदिन मनाने को उपजिला चिकित्सालय पर एकत्रित हुए भाजपा नेता।

सबगुरु न्यूज – सिरोही। सिरोही में भाजपा कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को प्रदेश अध्यक्ष और जिलाध्यक्ष के बीच एक लाइन खींच दी। देखने में ये सामान्य लगेगा लेकिन, गहराई से समझने पर भावनाओं से जुड़ाव समझ में आएगा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ का गुरुवार को जन्मदिन था। पद पर हैं तो स्थानीय स्तर पर पद की चाह वाले नेता और जो पद पर हैं उनको पद पर बने रहने की मंशा से बड़े नेताओं का जन्मदिन मनाना राजनीति का अघोषित प्रोटोकॉल होता है। दो महीने पहले जिलाध्यक्ष का भी जन्मदिन मनाया था। दोनों के पद और अधिकारों में जमीन आसमान का अंतर है और इसलिए आबूरोड में दोनों के जन्मदिन के आयोजन में किए गए विभेद और भावना की चर्चा जोरों पर है।

-खून सूखा तो केले बाँटे!

आबूरोड के भाजपा नेताओं ने चेहरा देखकर तिलक लगाने वाली कहावत को झुठला दिया। लोग मजे ले रहे हैं कि जिलाध्यक्ष के जन्मदिन पर खून देने वाले इस भाजपा नेताओं का खून गुरुवार को सूख गया था। इसलिए उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष के जन्मदिन पर चिकित्सालय में केले बाँटकर दूसरों का खून बढ़ाने का जिम्मा उठाया।

72 हाथों में दो केले एक सेब

समाचार पत्रों में शुक्रवार को प्रकाशित समाचारों में जो नाम आए हैं उसके अनुसार मदन राठौड़ के जन्मदिन पर आबूरोड उप जिला चिकित्सालय इस आयोजन में 36 लोग थे। दो थैलियों में केले और दो थैलियों में सेब के साथ तस्वीरें खींची और फिर निकल पड़े फलदान के लिए। फोटो खिंचवाते समय जो बैनर था उस पर मदन राठौड़ वो रक्षा भंडारी दोनों की तस्वीरें थीं। मदन राठौड़ की तस्वीर रक्षा भंडारी से बड़ी थी, लेकिन दान देने के मामले में जिलाध्यक्ष का कद बड़ा हो गया। जिन भाजपा नेताओं ने रक्तदान किया था उनको भी लगभग ढाई महीने हो गए थे। चिकित्सालय में ही लोग चुटकी लेने लगे थे कि वो साहस वो लोग खुद नहीं दोहरा सकते थे तो दूसरों को प्रेरित कर ही सकते थे। लेकिन, केले और सेब इतने वजनी थे कि इन्हें उठाने में ही इन 36 लोगों के 72 हाथों का रक्त इवेपरेट हो गया होगा।