बागेश्वर। उत्तराखंड के बागेश्वर में शनिवार को स्कूल के प्रधानाचार्य दयानंद टम्टा की हत्या के आरोप में पुलिस ने विद्यालय के प्रशासनिक अधिकारी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा के अनुसार दिल दहला देने वाली यह घटना आज सुबह हुई। उन्होंने बताया कि जीआईसी भटखोला के समीप विद्यालय के प्रशासनिक अधिकारी नवल किशोर सोराड़ी ने अपने ही स्कूल के प्रधानाचार्य श्री टम्टा पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल प्रधानाचार्य को जिला अस्पताल बागेश्वर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
शिक्षक गोकुल चंद्र की तहरीर पर झिरौली थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) तथा अनुसूचित जाति जनजाति (एससी/एसटी) अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मौके से हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद किया गया। इसके बाद पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर करालागांव यात्री शेड, बागेश्वर रोड से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। उसे नियमानुसार न्यायालय में पेश किया जाएगा। मामले की विवेचना जारी है।



