जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अपने काफिले में वाहनों की संख्या सीमित करने का निर्णय किया है और बुधवार को वह अपने काफिले में केवल पांच गाड़ियों के साथ ही चले।
शर्मा ने अपने काफिले में वाहनों की संख्या न्यूनतम रखने का निर्देश दिया है और अनावश्यक वाहनों का उपयोग न करने को कहा गया है। राज्य के समस्त अधिकारी और जनप्रतिनिधियों को भी अपने वाहनों में मितव्ययता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने मुख्य सचिव सहित सभी अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के लिए यह निर्देश जारी किया है।
मुख्यमंत्री ने पेट्रोल-डीजल की बचत के लिए अनावश्यक वाहन प्रयोग न करने की अपील भी की हैं। इस पर शर्मा ने मीडिया से बातचीत में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गाइडलाइन का पालन कर रहे हैं और इस कारण उन्होंने अपने काफिले की गाड़ियों की संख्या कम कर दी और मंत्रियों एवं अन्य को आवश्यकतानुसार वाहनों का उपयोग करने के लिए कहा गया हैं। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम भी कम कर दिए गए हैं और जरूरत के हिसाब से काम किया जा रहा है।



