भोपाल में एआई से अश्लील फोटो बनाकर ब्लैकमेल, छात्रा ने की आत्महत्या

0

भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के ऐशबाग क्षेत्र में 11वीं कक्षा की 17 वर्षीय छात्रा द्वारा आत्महत्या किए जाने के मामले में परिजनों ने दो युवकों पर एआई तकनीक से कथित अश्लील फोटो बनाकर ब्लैकमेल करने और प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार छात्रा ने गुरुवार रात अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय वह घर में मौजूद थी। परिजनों के मुताबिक उसने छोटी बहन को सामान लाने के बहाने बाहर भेजा और इसी दौरान कमरे में दुपट्टे से फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली।

मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया कि छोला क्षेत्र के दो युवक लंबे समय से छात्रा को परेशान कर रहे थे। उनका कहना है कि आरोपियों ने सोशल मीडिया से छात्रा की तस्वीरें लेकर एआई की मदद से कथित अश्लील फोटो तैयार किए और उन्हें वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल किया।

परिजनों के अनुसार आरोपी छात्रा का स्कूल आते-जाते पीछा भी करते थे तथा मिलने का दबाव बनाते थे। परिवार का दावा है कि छात्रा की आरोपियों से कभी प्रत्यक्ष मुलाकात तक नहीं हुई थी। छात्रा के चाचा ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने छात्रा के पिता के साथ भी बदसलूकी की थी, लेकिन बदनामी के डर से पहले पुलिस में शिकायत नहीं की गई।

ऐशबाग थाना प्रभारी संदीप पवार ने बताया कि मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस परिजनों के बयान दर्ज कर मामले की जांच कर रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद परिजन पोस्टमार्टम के पश्चात शव लेकर ऐशबाग थाने पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।