जयपुर/बीकानेर। राजस्थान रोडवेज कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों और संगठन की आगामी रणनीति पर मंथन के लिए राजस्थान स्टेट रोडवेज एम्पलाईज यूनियन (एटक) का 18वां प्रदेश अधिवेशन 27 और 28 सितंबर को बीकानेर में आयोजित किया जाएगा। दो दिवसीय अधिवेशन में प्रदेशभर से रोडवेज कर्मचारी प्रतिनिधि और श्रमिक संगठनों से जुड़े पदाधिकारी भाग लेंगे।
एटक जयपुर के आवासीय सचिव शिवराज सिंह सोलंकी ने बताया कि अधिवेशन का शुभारंभ 27 सितंबर को सुबह 10 बजे होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष एवं एनएफआईआरटीडब्ल्यू के राष्ट्रीय अध्यक्ष एमएल यादव करेंगे।
अधिवेशन का उद्घाटन एटक की राष्ट्रीय महासचिव एवं वर्ल्ड फेडरेशन ऑफ ट्रेड यूनियंस की अंतरराष्ट्रीय उपाध्यक्ष अमरजीत कौर करेंगी। इस अवसर पर एटक राजस्थान के प्रदेश महासचिव कुणाल रावत एडवोकेट सहित श्रमिक, किसान, महिला एवं अन्य जनसंगठनों के प्रमुख प्रतिनिधियों की मौजूदगी रहेगी।
रोडवेज कर्मचारियों की समस्याओं पर होगा मंथन
दो दिन तक चलने वाले अधिवेशन में राजस्थान रोडवेज की वर्तमान स्थिति के साथ कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा प्रस्तावित है। इनमें कर्मचारियों की सेवा शर्तें, रिक्त पदों पर भर्ती, वेतन-भत्ते, सेवानिवृत्त कर्मचारियों से जुड़े विषय और रोडवेज के सार्वजनिक स्वरूप को मजबूत करने जैसे मुद्दे प्रमुख रूप से उठाए जाने की संभावना है।
अधिवेशन में यूनियन की पिछली अवधि की गतिविधियों और आंदोलनों की समीक्षा के साथ भविष्य के कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी विचार किया जाएगा। प्रदेश के विभिन्न आगारों और इकाइयों से आने वाले प्रतिनिधि अपने क्षेत्रों की समस्याओं और सुझावों को संगठन के समक्ष रखेंगे।
नई प्रदेश कार्यकारिणी का भी होगा गठन
अधिवेशन का महत्वपूर्ण हिस्सा संगठनात्मक चुनाव भी रहेगा। इसमें राजस्थान स्टेट रोडवेज एम्पलाईज यूनियन (एटक) की आगामी अवधि के लिए नई प्रदेश कार्यकारिणी का चुनाव किया जाएगा।
यूनियन पदाधिकारियों के अनुसार बीकानेर अधिवेशन के माध्यम से प्रदेशभर के रोडवेज कर्मचारियों की मांगों को एक मंच पर लाकर आगे की रणनीति तय की जाएगी। इसके साथ ही सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था और राजस्थान रोडवेज को मजबूत करने से जुड़े प्रस्तावों पर भी प्रतिनिधि चर्चा करेंगे।



