अजमेर नगर निगम चुनाव : सोमवार सुबह 8 बजे से पॉलिटेक्निक कॉलेज में होगी मतगणना

0

अजमेर। अजमेर नगर निगम चुनाव में मतदान के बाद अब शहर की अगली राजनीतिक तस्वीर सोमवार को सामने आएगी। नगर निगम के लिए डाले गए मतों की गिनती राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में सुबह 8 बजे से शुरू होगी। जिला निर्वाचन विभाग ने मतगणना को लेकर सुरक्षा से लेकर ट्रैफिक और काउंटिंग एजेंटों की सुविधाओं तक सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया है।

मतगणना से पहले रविवार को जिला निर्वाचन अधिकारी लोक बन्धु ने पुलिस अधीक्षक हर्ष वर्धन अगरवाला के साथ पॉलिटेक्निक कॉलेज पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मतगणना कक्ष, प्रवेश व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम और अन्य तैयारियों की समीक्षा की।

छह कक्षों में होगी मतों की गिनती

मतगणना के लिए पॉलिटेक्निक कॉलेज के दो भवनों में कुल छह कक्ष तैयार किए गए हैं। यहां प्रशिक्षित मतगणना कार्मिकों की तैनाती की गई है। निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि पूरी प्रक्रिया निर्धारित नियमों के अनुसार और पारदर्शिता के साथ पूरी की जाए। अजमेर नगर निगम के 80 वार्डों में हुए चुनाव में कुल 360 प्रत्याशी मैदान में थे। मतदान के बाद सभी ईवीएम को पॉलिटेक्निक कॉलेज परिसर में सुरक्षित रखा गया है।

मतगणना केंद्र पर मोबाइल और गैजेट प्रतिबंधित

मतगणना स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सावधानी बरती गई है। कॉलेज परिसर के तीनों प्रवेश द्वारों से केवल अधिकृत और निर्धारित व्यक्तियों को ही प्रवेश मिलेगा। मतगणना स्थल के अंदर मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच और अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट ले जाने पर प्रतिबंध रहेगा। प्रत्येक भवन में पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा, जबकि पूरे क्षेत्र में सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था बनाए रखी जाएगी।

गर्मी को देखते हुए छाया, पानी और कूलर की व्यवस्था

मतगणना में शामिल कार्मिकों, प्रत्याशियों के अधिकृत काउंटिंग एजेंटों और मीडिया प्रतिनिधियों के लिए भी व्यवस्थाएं की गई हैं। गर्मी को ध्यान में रखते हुए परिसर में टेंट, छाया, पेयजल और कूलर लगाए गए हैं। बैठने की व्यवस्था के साथ इंटरनेट कनेक्टिविटी भी सुनिश्चित की गई है। अधिकारियों के मुताबिक हाई स्पीड इंटरनेट में किसी तरह की तकनीकी समस्या आने पर वैकल्पिक नेटवर्क व्यवस्था भी उपलब्ध रहेगी।

कंट्रोल रूम से मिलेगी पल-पल की जानकारी

मतगणना से जुड़ी सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान के लिए डीओआईटी और सांख्यिकी विभाग के कंट्रोल रूम बनाए गए हैं। वहीं मीडिया सेंटर के माध्यम से मतगणना से संबंधित अधिकृत सूचनाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इस व्यवस्था का उद्देश्य मतगणना के दौरान सूचनाओं के आदान-प्रदान को तेज और व्यवस्थित रखना है।

माखुपुरा चौराहे पर ट्रैफिक डायवर्जन संभव

मतगणना के दौरान पॉलिटेक्निक कॉलेज के आसपास यातायात व्यवस्था भी चुनौती रहेगी। इसे देखते हुए ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की गई है। आवश्यकता पड़ने पर माखुपुरा चौराहे से यातायात डायवर्ट किया जाएगा। मतगणना स्थल पर आने वाले अधिकृत वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। पुलिस और प्रशासन का प्रयास रहेगा कि मतगणना के साथ-साथ आम यातायात भी प्रभावित न हो।

ईवीएम से निकलेगा 80 वार्डों का फैसला

अजमेर नगर निगम चुनाव में शुक्रवार को मतदान के बाद सभी प्रत्याशियों की निगाहें सोमवार की मतगणना पर टिकी हैं। भाजपा, कांग्रेस के साथ बड़ी संख्या में निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी चुनावी मुकाबले को रोचक बनाया है। अब मतगणना के साथ यह साफ होगा कि अगले पांच वर्षों के लिए अजमेर नगर निगम की राजनीतिक कमान किसके हाथ में जाती है।