अजमेर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय प्रभु पसंद भवन शास्त्री नगर सेवा केन्द्र तथा सैनिक कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में योग एवं ध्यान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अधिकारियों, पूर्व सैनिकों तथा गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ राजयोगिनी एवं सेवा केन्द्र संचालिका ब्रह्माकुमारी आशा बहन तथा बीके कीर्ति बहन द्वारा विभिन्न योग मुद्राओं के अभ्यास से कराया गया। उन्होंने उपस्थित जनसमूह को योग के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि नियमित योग अभ्यास से शरीर स्वस्थ, मन शांत तथा जीवन संतुलित बनता है। उन्होंने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन को सकारात्मक दिशा देने वाली एक संपूर्ण जीवनशैली है।
योग सत्र के दौरान आशा बहन एवं कीर्ति बहन ने सभी को तीन बार सामूहिक रूप से ॐ का उच्चारण कराया, जिससे वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा एवं सकारात्मक कंपन से भर गया। उपस्थित लोगों ने इस अनुभव को अत्यंत सुखद एवं प्रेरणादायक बताया।
इस अवसर पर बीके राव भाई ने प्रतिभागियों को अनेक छोटी-छोटी शारीरिक एक्सरसाइज कराईं, जिनसे शरीर में स्फूर्ति एवं ऊर्जा का संचार हुआ। इसके पश्चात उन्होंने राजयोग मेडिटेशन का अभ्यास कराते हुए मन को तनावमुक्त रखने, एकाग्रता बढ़ाने तथा आत्मिक शांति प्राप्त करने के सरल उपाय बताए। मेडिटेशन सत्र में सभी ने गहन शांति एवं आत्मिक सुख का अनुभव किया।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं पूर्व सैनिकों ने योग और ध्यान को दैनिक जीवन में अपनाने का संकल्प लिया तथा ऐसे आयोजनों को समाज के लिए अत्यंत उपयोगी बताया। वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान तनावपूर्ण जीवनशैली में योग और ध्यान शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक संतुलन बनाए रखने का सर्वोत्तम माध्यम हैं।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों का बीके रमेश ने आभार व्यक्त किया तथा स्वस्थ, नशामुक्त एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। बीके हंसराज भाई ने राजयोग अनुभव साझा किए।



