अकासा एयर के नेटवर्क में अक्टूबर में शामिल होगा जयपुर

0

जयपुर/नई दिल्ली। नवोदित विमान सेवा कंपनी अकासा एयर अक्टूबर में राजस्थान की राजधानी और गुलाबी शहर जयपुर से उड़ानें शुरू करेगी।

एयरलाइंस ने बुधवार को एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि वह 11 अक्टूबर से जयपुर से मुंबई और बेंगलूरु के लिए दैनिक सीधी उड़ानें शुरू करेगी। उसका कहना है कि यह कदम प्रमुख पर्यटन, सांस्कृतिक और आर्थिक केंद्रों के बीच बेहतर हवाई संपर्क प्रदान करने की उसकी प्रतिबद्धता को और मजबूत करता है।

यात्री अकासा एयर की वेबसाइट, एंड्रॉयड और आईओएस ऐप तथा कई प्रमुख ऑनलाइन ट्रैवल एजेंसियों के माध्यम से टिकट की बुकिंग करा सकते हैं।
जयपुर देश का प्रमुख पर्यटन स्थल और राजस्थान का एक जीवंत प्रवेश द्वार है। यह शहर व्यापार, शिक्षा और उद्यमिता का उभरता हुआ केंद्र भी बन रहा है।
इसके अलावा, एयरलाइन 15 अक्टूबर से मुंबई और बेंगलुरु से उदयपुर के लिए भी उड़ानें शुरू कर रही है।

अकासा एयर के सह-संस्थापक एवं मुख्य वाणिज्यिक अधिकारी आनंद श्रीनिवासन ने कहा कि जयपुर के लिए सेवाओं की शुरुआत हमारे घरेलू नेटवर्क के निरंतर विस्तार की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है। राजस्थान अकासा एयर के लिए एक महत्वपूर्ण बाजार है। जयपुर के राज्य में हमारा दूसरा गंतव्य बनने से यात्रियों को अधिक यात्रा विकल्प और बेहतर संपर्क की सुविधा मिलेगी।