दत्तात्रेय होसबाले ने बांग्लादेश में हिंदुओं की सुरक्षा पर जताई चिंता, कहा- पड़ोसी देशों से बेहतर संबंध जरूरी

3

नई दिल्ली/पानीपत। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने रविवार को बांग्लादेश में हिंदूओं की सुरक्षा पर चिंता जताते हुए कहा कि भारत का पड़ोसी देशों के साथ अच्छे संबंध पूरे एशिया के विकास और सुरक्षा के लिए बहुत महत्वपूर्ण हैं। होसबाले ने यह बात हरियाणा के पानीपत के समालखा में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा के संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुये पत्रकारों से कही।

होसबाले ने इस अवसर पर कहा कि हाल के समय में बांग्लादेश और नेपाल में सामाजिक और राजनीतिक बदलाव के बाद नई सरकारें बनी हैं। ऐसे में दोनों देशों में शांति और स्थिरता जरूरी है और भारत के साथ उनके अच्छे संबंध क्षेत्रीय विकास के लिए अहम हैं। उन्होंने बांग्लादेश में हिंदू समुदाय की सुरक्षा को लेकर चिंता भी जताई।

होसबाले ने अपने संबोधन में कहा कि यह कहना गलत है कि केवल आरएसएस कार्यकर्ता ही देशभक्त हैं। उन्होंने कहा कि संघ ऐसा दावा नहीं करता है। उन्होंने तीन दिवसीय अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा में कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव और सुझाव रखे जाने की जानकारी दी। जिनमें नेपाल और बांग्लादेश के साथ संबंध बेहतर करने का सुझाव भी शामिल है।

होसबाले ने बताया कि सभा में आरएसएस के शताब्दी वर्ष (2025-26) की वार्षिक रिपोर्ट भी पेश की गई। रिपोर्ट के अनुसार पिछले एक वर्ष में देशभर में संघ की 88,949 शाखाएं लगीं, जो पिछले वर्ष की तुलना में 5,820 अधिक हैं। रिपोर्ट में केरल, तमिलनाडु सहित दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर राज्यों में संघ की गतिविधियों और वहां की चुनौतियों का भी जिक्र किया गया है।

होसबाले ने एक सवाल के जवाब में कहा कि संघ में यदि दायित्वों में कोई बदलाव होगा तो उसकी घोषणा बाद में की जाएगी। उन्होंने ईरान से जुड़े अंतरराष्ट्रीय मुद्दे पर कहा कि इसमें संघ की कोई भूमिका नहीं है और उन्हें विश्वास है कि भारत सरकार देशहित में सही निर्णय ले रही है।

होसबाले ने संघ में मुस्लिम और महिलाओं की भागीदारी पर कहा कि किसी भी धर्म का व्यक्ति संघ से जुड़ सकता है और पहले से कई मुस्लिम कार्यकर्ता संघ में काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं की भागीदारी भी संघ की अन्य कार्यप्रणालियों में बड़ी संख्या में है, हालांकि शाखा की नियमित गतिविधियों में वह शामिल नहीं होतीं।

होसबाले ने बेसहारा गोवंश के मुद्दे पर कहा कि सरकार और स्थानीय निकाय इस दिशा में काम कर रहे हैं, लेकिन समाज को भी जिम्मेदारी निभानी चाहिए और गायों को सड़कों पर नहीं छोड़ना चाहिए।

होसबाले ने बताया कि हरियाणा के पानीपत में संघ के माधव सृष्टि साधना केंद्र में चल रही प्रतिनिधि सभा में उत्तर भारत में एक समानांतर मुख्यालय बनाने का प्रस्ताव भी रखा गया है। पट्टीकल्याणा में स्थित यह केंद्र लगभग 25 एकड़ में फैला है और इसे नागपुर मुख्यालय की तर्ज पर विकसित करने की योजना है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के करीब होने और बेहतर संपर्क के कारण यह स्थान उत्तर भारत के कई राज्यों में संगठनात्मक गतिविधियों को समन्वित करने के लिए रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण हो सकता है।

होसबाले ने बताया कि तीन दिवसीय इस प्रतिनिधि सभा में संघ से जुड़े 32 संगठनों ने अपने सुझाव रखे और करीब 1487 पदाधिकारियों ने भाग लिया।