हिसार। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस में सारे लंगड़े घोड़े हैं।
हिसार हवाई अड्डे से चंडीगढ़ के लिए उड़ान शुरू होने के अवसर पर पत्रकारों से बातचीत में सैनी ने कहा कि हाल में हरियाणा दौरे पर आए लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी परिवर्तन कर गए हैं। वह यहां आकर तीन घोड़े बता गए, एक घोड़ा लंगड़ा, एक बारात का और एक रेस का घोड़ा। कांग्रेस में सारे लंगड़े घोड़े हैं। बारात वाले घोड़े लोगों ने चुनाव में वापस कर दिए। रेस वाले घोड़े प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पास हैं।
इससे पूर्व हिसार-चंडीगढ़ उड़ान का उद्घाटन करते हुए उन्होंने कहा कि हिसार से चंडीगढ़ के लिए दूसरी हवाई उड़ान शुरू हो रही है और भविष्य में जयपुर, अहमदाबाद, और जम्मू के लिए भी यात्रायें शुरू होंगी, जिससे यह क्षेत्र इंडस्ट्री का हब बनेगा। उल्लेखनीय है कि मोदी ने इसी साल 14 अप्रैल को हवाई अड्डे का उद्घाटन किया था और अयोध्या के लिए उड़ान शुरू हुई थी।
हिसार-चंडीगढ़ उड़ान सप्ताह में दो दिन सोमवार और शुक्रवार को चलेगी। हिसार से चंडीगढ़ की उड़ान लगभग एक घंटे की होगी, जबकि वापसी में उड़ान समय करीब एक घंटा 10 मिनट रहेगा। एलायंस एयर फ्लेक्सी किराया मॉडल के तहत टिकट बुक कर रही है, जिसमें किराया 1449 से 1704 रुपए के बीच रखा गया है।