4 सैनिकों की मौत के बाद इजराइल के रक्षा मंत्री बेन-ग्विर ने पूरे लेबनान को जलाने की बात कही

0

तेल अवीव। दक्षिणी लेबनान में लड़ाई में इजराइली सेना के चार सैनिकों के मारे जाने के बाद इजराइल रक्षा मंत्री इतामार बेन-ग्विर ने लेबनान को ‘जलाने’ का आह्वान किया है।

बेन-ग्विर ने ‘एक्स’ पर पोस्ट में कहा कि अमरीकियों के प्रति पूरे सम्मान के साथ, इजराइल को पूरी दुनिया के सामने यह साफ कर देना चाहिए कि हमारे बेटों का खून और हमारे नागरिकों की सुरक्षा कोई मामूली बात नहीं है। पूरा लेबनान जलना चाहिए।

उन्होंने कहा कि मैंने प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से अपनी निजी मुलाकातों में भी कहा था कि एक इजराइली मां के हर आंसू के बदले हजार लेबनानी माताओं को रोना होगा। उन्होंने यह भी कहा कि इस क्षेत्र में आपको आक्रामक होना होगा। सब कुछ मिटाना होगा। आतंक को कुचलना होगा।

इजराइली सेना ने युद्ध के दौरान दक्षिणी लेबनान में चार सैनिकों के मारे जाने की घोषणा की है। सेना ने टेलीग्राम पर एक पोस्ट में इन चार सैनिकों में से एक की पहचान 32 वर्षीय लेफ्टिनेंट डोर गेडालिया बेन सिमहोन के रूप में की है। वह 52वीं बटालियन और 41वीं ब्रिगेड के कमांडर थे।

इजराइल के वित्त मंत्री बेजलेल स्मोट्रिच ने भी रातभर चली भीषण लड़ाई के बाद लेबनान के खिलाफ कड़ी जवाबी कार्रवाई का आह्वान किया है। स्मोट्रिच ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में इसे एक ‘मुश्किल सुबह’ बताया। उन्होंने कहा कि अब आग की भाषा में बात करने का समय है। नरक के दरवाजे खोलने का समय है।