अलवर। राजस्थान में अलवर जिले के नौगांवा थाना क्षेत्र में मुबारिकपुर गांव में गुरुवार को सुबह बारिश के दौरान घर के बाहर खेल रहा एक बालक गर्म तेल से भरी कढ़ाई में गिरने से गंभीर रूप से झुलस गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार माहिर (चार) सुबह घर के बाहर खेल रहा था। उसी समय उसके पिता घर पर गोलगप्पे तैयार कर रहे थे और पास में गर्म तेल की कढ़ाई रखी हुई थी। बारिश के कारण जमीन फिसलन भरी हो गई थी। खेलते-खेलते माहिर का पैर फिसल गया और वह सीधे उबलते तेल से भरी कढ़ाई में जा गिरा।
हादसे में बालक का कमर से नीचे का हिस्सा बुरी तरह झुलस गया। परिजनों ने बिना देर किए उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे भर्ती कर लिया। चिकित्सकों के अनुसार बच्चे का इलाज लगातार जारी है और उसकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है।



