अलवर। राजस्थान में अलवर के शिवाजी पार्क थाना क्षेत्र में रविवार को एक महिला द्वारा ओवर ब्रिज से कूदकर आत्महत्या करने के प्रयास को लोगोें ने विफल कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार महिला ने रात करीब नौ बजे तिजारा फाटक ओवर ब्रिज से कूदकर अपनी जीवन लीला समाप्त करने की कोशिश की, लेकिन राहगीरों ने उसे समय रहते पकड़ लिया और समझाकर पुलिस के सुपर्द कर दिया।
सूत्रों ने बताया कि महिला शारीरिक शिक्षक है जिसे हनी ट्रैप में पांच जुलाई 2025 को कोटपुतली बहरोड़ जिले अंतर्गत बानसूर थाना पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया था। उसे शिक्षा विभाग द्वारा निलंबित किया गया था। महिला अब जमानत पर है।
महिला ने आरोप लगाया कि उसे बानसूर थानाधिकारी परेशान कर रहे हैं। उसे झूठे हनी ट्रैप मामले में फंसाया गया। उससे उक्त थानाधिकारी ने पंद्रह लाख में सौदा किया था। आरोपी उसकी वीडियो वायरल करके प्रताड़ित कर रहे हैं। वह सभी अधिकारियों से मिल चुकी है,लेकिन उसे न्याय नहीं मिल रहा है।
शिवाजी पार्क थाना प्रभारी चंद्रशेखर शर्मा ने बताया कि गश्त के दौरान उन्हें सूचना मिली कि एक महिला तिजारा पुलिया पर है जो आत्महत्या की धमकी दे रही है। पुलिस मौके पर पहुंची और उसको थाने लाकर लेकर उसे समझा बुझाकर पति के सुपुर्द कर दिया गया है।
महिला के पति का कहना है कि वर्ष 2020 में उसकी पत्नी को तीन लोग ब्लैकमेल कर रहे थे। वह बार-बार फोटो वीडियो वायरल करने की धमकी दे देते थे। वर्ष 2021 में पत्नी के साथ मारपीट करके राजीनामा लिखवा लिया गया। इसके बाद पत्नी को ही फंसा कर उसे जेल भिजवा दिया।



