अलवर : इंस्टाग्राम पर फर्जी पहचान बताकर की दोस्ती, शादी का झांसा देकर रेप

अलवर। राजस्थान में अलवर महिला थाना पुलिस ने इंस्टाग्राम पर फर्जी पहचान बताकर दुष्कर्म करने के आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस उपाधीक्षक (महिला अत्याचार) सुरेश कुड़ी ने बताया कि गत 15 जुलाई को पीड़िता द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई कि मुल्जिम अपना नाम रोहित प्रधान बताते हुए अपना वास्तविक नाम एवं धर्म छुपाते हुए प्रेम जाल में फंसा लिया और विवाह करने की मंशा जाहिर करते हुए पैसों की डिमॉण्ड कर करीब आठ लाख रूपए हड़प लिए।

रिपोर्ट में बताया गया कि शादी झांसा देकर लगातार भिन्न-भिन्न स्थानों पर ले जाकर बलात्कार किया गया। इस पर अभियोग पंजीबंद कर अनुसंधान प्रारम्भ किया गया। प्रकरण की गम्भीरता के मद्देनजर पुलिस टीम द्वारा मुखबिर की सूचना पर रविवार को को घटना के 24 घण्टे के भीतर आरोपी जुनेद निवासी ककराली को गिरफ्तार कर लिया गया।

उन्होंने बताया कि आरोपी भागने की फिराक में था। इसने अपना मोबाइल भी स्विच ऑफ कर लिया था। इसके आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है।