अलवर। राजस्थान में अलवर जिले के रैणी थाना क्षेत्र में एक गांव की 15 वर्षीय छात्रा को स्कूल जाने के दौरान अगवा कर उससे सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दुष्कर्म के बाद छात्रा को छोड़ने आये आरोपियों को गुस्साए ग्रामीणों ने घेर लिया। इस पर आरोपी युवक चौपहिया वाहन बोलेरो वाहन छोड़कर भाग गये जिसे ग्रामीणों ने आग के हवाले कर दिया।
पुलिस में दर्ज मामले के अनुसार 15 वर्षीय छात्रा सरकारी स्कूल में पढ़ती है। वह गुरुवार को सुबह आठ बजे स्कूल पैदल जा रही थी तो रास्ते में एक बोलेरो गाड़ी आई और उसे जबरन गाड़ी में खींच लिया। जिसमें दो लड़के थे। वे उसे अज्ञात स्थान पर एक कमरे में ले गए और वहां तीन युवकों ने उससे दुष्कर्म किया।
पुलिस ने बताया कि उन्होंने उसकी आपत्तिजनक फ़ोटो एवं वीडियो बनाकर धमकी दी। बाद में वे उसे बोलेरो में बिठाकर दोपहर एक बजे जहां से उठाया था, वहीं उसे छोड़ने आए तो ग्रामीणों ने उनको घेर लिया, लेकिन वे जान बचाकर भाग गए। ग्रामीणों ने उनकी गाड़ी को आग के हवाले कर दिया।
पुलिस ने मामला दर्ज करके पीड़िता के न्यायालय में बयान दर्ज करवा दिए हैं। मामले की जांच राजगढ़ की पुलिस उपाधीक्षक मनीषा मीना कर रही हैं। उधर, पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी ने बताया कि इस मामले में यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पोक्सो) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। एक आरोपी को हिरासत में लिया है। छात्रा का मेडिकल करा दिया है।



