बेणेश्वर धाम से भाजपा की परिवर्तन संकल्प यात्रा का दूसरा रथ रवाना

डूंगरपुर। केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भारतीय जनता पार्टी की परिवर्तन संकल्प यात्रा के द्वितीय रथ को रविवार को राजस्थान के प्रसिद्ध बेणेश्वर धाम से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस दौरान बेणेश्वर धाम में जनसभा का आयोजन किया गया जिसे शाह के अलावा भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी, केंद्रीय कानून राज्य मंत्री अर्जुनराम मेघवाल, केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत, सांसद कनकमल कटारा एवं अर्जुन मीणा, नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड और भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष चुन्नीलाल गरासिया ने संबोधित किया।

शाह ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि इस यात्रा की डूंगरपुर के इस क्षेत्र से शुरुआत होने जा रही है और यह देश भक्तों की भूमि रही है जहां महाराणा प्रताप ने सालों युद्ध करते हुए मुगल सेना के दांत खट्टे करने का काम किया। उन्होंने कहा कि भाजपा की यह परिवर्तन यात्रा 19 दिन में करीब ढाई हजार किलोमीटर घूमेगी और 52 विधानसभाओं से संपर्क करेगी। इस दौरान 156 जगह छोटी सभाएं, 52 जगह पर सभाएं और 54 स्थानों पर बड़ी सभाएं कर पूरे राजस्थान में परिवर्तन का संकल्प लेने का काम करेगी।

इस दौरान राजे ने कहा कि केन्द्र में भाजपा की मजबूत सरकार की नीतियों की वजह से आज भारत सबसे शक्तिशाली देश बनाने के मार्ग पर चल रहा है। चंद्रयान-तीन चांद पर पहुंच चुका है। उसी के साथ आदित्य एल-01 मिशन भी सफल तरीके से लांच हुआ है।

उन्होंने वर्ष 2013 के चुनाव में इसी क्षेत्र के सहयोग की वजह से भाजपा को एक ऐतिहासिक जनादेश मिला था। इस क्षेत्र में हमने मावजी महाराज और शिक्षा के क्षेत्र में अद्वितीय योगदान देने वाली कालीबाई का पैनोरमा बनाने सहित कई काम किये है।

इसी तरह जोशी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि मेवाड, बागड और कांठल की इस धरती पर वर्ष 2023 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राजस्थान में फिर से कमल खिलेगा। यह धरती पूजा की धरती है, यहां के लोगों ने वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप के साथ कदम से कदम मिलाकर उस मुगलिया सल्तनत के बादशाह अकबर को यहां से खदेड़ने के लिए पराक्रम दिखाया। बेणेश्वर धाम के विकास में एक भी पैसा लगा है तो मोदी सरकार के समय लगा है।

उन्होंने कहा कि आज डूंगरपुर में भी रेल जा रही है वहीं रतलाम बांसवाड़ा प्रतापगढ़ में भी रेल लाने का काम मोदी सरकार ने किया। आजादी के बाद पहली बार डूंगरपुर बांसवाड़ा और चित्तौड़गढ़ में पहली बार मेडिकल कॉलेज खुले हैं, इस आदिवासी क्षेत्र में भी पहली बार हर ब्लॉक में करोड़ों रुपए के एकलव्य मॉडल स्कूल खुले हैं।

उन्होंने कहा कि कहा कि भारतीय जनता पार्टी की परिवर्तन यात्रा के रथ चारों दिशाओं से निकले हैं। ये रथ अश्वमेघ यज्ञ के चार घोड़े हैं। मेवाड़ की धरती ने जब-जब करवट ली है तब तब राज बदला है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी प्रदेश में एक झूठा कॉन्टेस्ट चला रही है। इनको यह बताना पड़ेगा कि मेवाड़ में एक कांग्रेस की सीट बताओ जहां से कोई व्यक्ति एक लाख रूपए जीता हो। यदि गृह मंत्री अमित शाह एएनआई की टीम नहीं भेजते तो कन्हैयालाल की हत्या के अपराधियों को पकड़ने का काम नहीं होता। लेकिन दुर्भाग्य है कि जैसे जयपुर बम ब्लास्ट में सरकार ने कमजोर कार्रवाई की वैसे ही कन्हैया की हत्या मामलों में हुआ।

उन्होंने कहा कि राजस्थान में 2023 में कमल खिलेगा और कन्हैया के हत्यारों को फांसी की सजा होगी। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस ने हमेशा किसानों की जमीन हड़पने का काम किया लेकिन किसानों के लिए योजना अगर कोई लाया तो वह भाजपा है। प्रदेश में रोज दुष्कर्म की घटनाएं हो रही हैं। लेकिन जयपुर में बैठकर शासन चला रहे लोगों को एहसास तक नहीं होता।

राठौड़ राठौड ने बेणेश्वर की भूमि को अर्पण और तर्पण की भूमि बताते हुए कहा कि यह रथ यात्रा बागड के गांव गांव में जाएगी। मेघवाल ने कहा कि बेणेश्वर धाम को चमकाने के लिए हमारी मोदी सरकार ने संस्कृति मंत्रालय के जरिये बहुत बजट दिया है। हमारे खिलाफ कांग्रेस के लोग भ्रम फैलाने का काम कर रहे हैं।

कभी कहते है कि संविधान बदल देंगे, कभी कहते हैं कि हमारा ये बुरा कर देंगे जबकि मोदी संविधान को झुककर दंडवत प्रणाम करते हैं। संसद में जाते हैं तो वहां भी वो साष्टांग दंडवत करते हैं। ऐसा व्यक्ति देश की संस्थाओं को लाभ पहुंचाने का काम कर रहा है। आप लोग भ्रम में ना आएं भाजपा को मजबूत करने के लिए हम सभी को एकजुट रहना होगा।