जजपा विधायक जोगीराम सिहाग ने की भाजपा को समर्थन की घोषणा

हिसार। जननायक जनता पार्टी (जजपा) के बरवाला से विधायक जोगीराम सिहाग ने शुक्रवार को भाजपा का समर्थन करने का एलान किया। उन्होंने यहां अपने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक के बाद कहा कि वह हिसार में भाजपा प्रत्याशी रंजीत सिंह चौटाला का समर्थन करेंगे। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव देश का चुनाव है। उन्होंने आरोप लगाया कि जजपा एक परिवार की पार्टी है।

सिहाग ने स्पष्ट किया कि वह पार्टी नहीं छोड़ेंगे, पार्टी को उनके खिलाफ कार्रवाई करनी है, तो करे। उनका आरोप है कि पार्टी में पिछले कुछ समय से उनकी लगातार अनदेखी की जा रही थी। हिसार में जजपा ने रैली की, लेकिन उन्हें न्योता तक नहीं दिया गया। जजपा के चुनाव कार्यालय के उद्घाटन पर भी नहीं बुलाया गया। जनता के काम के लिए दुष्यंत चौटाला को फोन करते थे, तो वह फोन तक रिसीव नहीं करते थे।

यदि सिहाग पार्टी छोड़ते तो उन्हें विधायक पद से इस्तीफा देना पड़ता और ऐसा न करते तो अयोग्य करार दिए जाते। उन्होंने पार्टी के पदों से इस्तीफा कुछ दिनों पहले दे दिया है, लेकिन पार्टी नहीं छोड़ी। उल्लेखनीय है कि हाल में जजपा को एक और बड़ा झटका लगा था, जब उसके प्रदेशाध्यक्ष निशान सिंह कांग्रेस में शामिल हुए थे।